- दहतोरा में ग्रामीणों ने किया पथराव, टोरंट अधिकारी और कई पुलिसकर्मी चोटिल

आगरा। सिकंदरा के दहतोरा में अंडरग्राउंड केबिल डालने गई टोरंट टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। महिलाओं ने छत से पत्थर बरसाए। मौके पर तैनात पुलिस बल ने हालात काबू करने को लाठी फटकारीं। इसमें टोरंट कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। टोरंट की तहरीर पर पुलिस ने नामजद और अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रही है।

एक दिन पहले बनी थी सहमति

दहतोरा में एक हफ्ते से अंडरग्राउंड केबिल डालने का काम चल रहा है। मंगलवार को कॉलोनी से काम खत्म कर टोरंट टीम ने गांव की ओर रुख किया। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। तहसीलदार सदर, लेखपाल व पुलिस ने मौके पर पहुंच लोगों से बातचीत की। इसमें केबिल डालने पर आम सहमति बनी।

माइक पर घेराव का ऐलान

बुधवार सुबह टीम काम करते हुए गांव की तरफ पहुंची। पॉवर कंपनी के 18 सदस्यीय टीम के साथ टोरंट अधिकारी मौजूद थे। ग्रामीणों ने टीम का विरोध किया। कुछ लोगों ने माइक पर टीम और पुलिस को ऐलान देना शुरू कर दिया कि वह घेराव करेंगे। इस पर कई थानों के फोर्स के साथ महिला पुलिस बल भी बुला लिया गया।

छत से बरसाए पत्थर

दोपहर में ढाई बजे करीब टीम काम रही थी। कई थानों का फोर्स मौके पर था। अचानक महिला और पुरुष अपनी-अपनी छतों पर निकल आए। लोगों ने पुलिस और टोरंट टीम पर पथराव कर दिया। पत्थरों की बारिश होने से भगदड़ मच गई। वाहनों के शीशे टूट गए।

पुलिस ने चलाई लाठी

स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठी चलानी पड़ी। हंगामा और पथराव कर रहे लोगों ने दौड़ लगा दी। पुलिस के अनुसार इस दौरान कुछ महिलाएं गिरकर चोटिल हो गई। पथराव में सिपाही रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे दिल्ली गेट स्थित निजी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। वहीं, लोगों के अनुसार पुलिस की लाठी से एक महिला बुरी तरह घायल हो गई, जिससे उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पुलिस करेगी मामले में मुकदमा

मामले में टोरंट की तरफ से तहरीर दी गई है। पुलिस 20 नामजद व 150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक अभी तक कोई अरेस्टिंग नहीं हुई है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Posted By: Inextlive