टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। विराट इंस्टाग्राम पर पांच करोड़ फॉलोवर्स वाले पहले इंडियन सेलेब्रिटी बन गए हैं।

नई दिल्ली (एएनआई)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली मैदान पर तमाम रिकॉर्ड बनाते रहते हैं मगर इस बार उन्होंने क्रिकेट से अलग सोशल मीडिया की दुनिया में इतिहास रच दिया। विराट भारत के पहले ऐसे सेलेब्रिटी बन गए हैं जिनके इंस्टाग्राम पर 50 मिलियन यानी 5 करोड़ फॉलोवर्स हो गए हैं। 31 साल के इस खिलाड़ी ने अब तक कुल 930 पोस्ट की हैं वहीं विराट इंस्टाग्राम पर सिर्फ 148 लोगों को फॅालो करते हैं।

विराट के बाद दूसरे नंबर पर प्रियंका चोपड़ा

विराट के बाद इस लिस्ट में दूसरा नाम बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा का आता है। प्रियंका के इंस्टाग्राम पर कुल 49.9 मिलियन फॉलोवर्स हैं। हालांकि प्रियंका ने जब से हॉलीवुड सिंगर और एकटर निक जोनास से शादी की है उनकी पॉपुलैरिटी इंडिया के बाहर भी खूब हुई है जिसका फायदा हुआ कि सोशल मीडिया पर उनके फॉलोवर्स की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। लिस्ट में तीसरा नाम दीपिका पादुकोण का है जिनके 44.1 मिलियन फॉलोवर्स हैं।

दुनिया में सबसे ज्यादा फॉलोवर्स हैं इनके

दुनिया में सबसे ज्यादा इंस्टाग्राम फॉलोवर्स वाले अकाउंट की बात करें तो इस लिस्ट में टॉप पर खुद इंस्टाग्राम ही है। इंस्टाग्राम के अफिशल अकाउंट में फॉलोवर्स की संख्या 333 मिलियन है। यहां तक आज तक कोई नहीं पहुंचा, हालांकि इसके बाद दूसरा नाम मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को आता है जिनके 200 मिलियन फॉलोवर्स हैं।

अनुष्का शर्मा के इतने फॉलोवर्स

विराट की पत्नी अनुष्का शर्मा हालांकि भारतीय कप्तान से काफी दूर हैं मगर उनके भी फॉलोवर्स की संख्या कम नहीं है। विराट से शादी से पहले ही अनुष्का काफी पॉपुलर हो चुकी थी। अनुष्का के इंस्टाग्राम पर कुल 32.6 मिलियन फॉलोवर्स हैं।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari