पुरुषों से आगे निकली महिलाएं, जमकर किया आवेदन

31 जनवरी तक चला मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान

ALLAHABAD: एक माह तक चले मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में वोटर बनने की दौड़ में महिलाएं पुरुषों से आगे निकल गई हैं। उन्होंने अधिक संख्या में फार्म छह भरकर आवेदन किया है। 31 जनवरी को अभियान समाप्त होने के बाद यह बात सामने आई है। फिलहाल आवेदनों की जांच चल रही है और इसके बाद नए नामों को शामिल किया जाएगा। बता दें कि 21 फरवरी को सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाना है।

युवाओं में भी दिखा उत्साह

मतदाता बनने के लिए एक माह चले अभियान में कुल 57448 लोगों ने आवेदन किया। इनमें से महिलाओं की संख्या 27568 और पुरुषों की संख्या 27880 है। महिलाएं अधिक हैं और यह आने वाले चुनाव में आधी आबादी की भागीदारी का सकारात्मक संदेश कहा जा सकता है। इसके अलावा 18 से 19 साल के बीच के युवाओं ने भी मतदाता बनने के लिए जमकर आवेदन किया है। इनकी संख्या कुल 16458 है। इनमें युवक 8353 और युवतियां कुल 8005 हैं।

नौ को जारी होगी पहली सूची

नौ फरवरी को फूलपुर लोकसभा की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है। इनमें कुल पांच विधानसभा शामिल हैं। इस लोकसभा का चुनाव मार्च में होना तय माना जा रहा है। वहीं अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए जिले की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाना है। यही कारण है कि आवेदनों की जांच की जा रही है। त्रुटि पाए जाने पर आवेदनों को निरस्त किया जाएगा।

नाम कटवाने के लिए भी हुए आवेदन

इसी तरह मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए भी आवेदन किए गए हैं। 22731 मतदाताओं ने फॉर्म-7 भरकर आवेदन किया है। जबकि, मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने के लिए 2269 आवेदन किए गए हैं। जिले में इस समय 43 लाख से अधिक मतदाता हैं और अभियान के बाद इनमें हजारों की संख्या नए वोटर जोड़े जाने हैं। निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि बीएलओ ने चलाए गए अभियान में घर-घर जाकर सर्वे किया है। जिसके आधार नए आवेदन भरवाने के साथ स्थानांतरित या मृतक मतदाताओं के नाम हटवाए जा रहे हैं।

फैक्ट फाइल

57448 कुल नए मतदाताओं के आवेदन

पुरुष 27880

महिला 29568

16458 हुए हैं 18 से 19 साल के मतदाताओं के कुल आवेदन

पुरुष 8453

महिला 8005

22731 नाम कटवाने के लिए कुल आवेदन

पुरुष 11750

महिला 10981

2269 सूची में अशुद्धि दूर कराने के लिए आवेदन

पुरुष- 1243

महिला- 1026

92 आवेदन दिव्यांगों द्वारा नाम जोड़ने के लिए

महिला- 38

पुरुष- 54

एक माह तक सघन अभियान चलाकर नए मतदाताओं को जोड़ा जा रहा है। महिलाओं की संख्या इनमे अधिक है। यह अच्छा संदेश है। फॉर्म-6 भरकर आवेदन करने में युवाओं ने भी जमकर उत्साह दिखाया है।

-महेंद्र कुमार राय, एडीएम प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी

Posted By: Inextlive