भारतीय क्रिकेट टीम को 2011 वर्ल्डकप जीते हुए आज 10 साल हो गए। इस मौके पर उस वक्त टीम इंडिया के मैनेजर रहे रंजीब बिस्वाल ने कुछ रोचक बातें शेयर की हैं। बिस्वाल ने धोनी से जुड़ी एक अनजानी बात बताई।

नई दिल्ली (एएनआई)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर एमएस धोनी को वानखेड़े स्टेडियम में वो विनिंग सिक्स लगाए 10 साल हो गए। उस जीत के बाद पूरी भारतीय टीम जश्न मना रही थी। इसके गवाह थे उस वक्त के टीम मैनेजर रंजीब बिस्वाल। बिस्वाल को उस जीत की सभी यादें ताजा हैं। एएनआई से बात करते हुए, बिस्वाल कहते हैं कि उस रात भारतीय खिलाड़ियों ने सुबह 4:30 बजे तक जश्न मनाया। सभी काफी खुश थे। मगर सबसे बड़ा सरप्राइज कप्तान एमएस धोनी ने दिया था।

जश्न के बाद मिला सरप्राइज
पूर्व टीम प्रबंधक का कहना है कि धोनी के एक काम ने वहां मौजूद हर शख्स को आश्चर्य में डाल दिया था। बिस्वाल ने खुलासा किया, 'हमें वास्तव में पता नहीं था कि कुछ ऐसा होने वाला है। फाइनल के बाद हमें सुबह का इंतजार था। हमने जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में देर तक जश्न मनाया और फिर टीम होटल में वापस आए और सुबह लगभग 4:30 बजे तक जश्न मनाते रहे। उसके बाद सभ अपने-अपने कमरे में चले गए। अगली सुबह जब हम उठे तो धोनी को देखकर हैरान रह गए। धोनी सिर के बाल मुंडवा कर हमारे सामने थे। यह कुछ ऐसा था जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी।

धोनी को देखकर सब हुए हैरान
यह पूछे जाने पर कि क्या धोनी बाकियों से पहले अपने कमरे में चले गए थे, बिस्वाल ने कहा: "बिलकुल नहीं। वह हम सभी के साथ थे और पार्टी खत्म होने के बाद ही वह वहां से निकले। और फिर वह अपने कमरे में गए और अपना सिर मुंडवा लिया। यह धोनी हैं जो अपने इमोशंस को किसी से जाहिर नहीं करते। उस दिन भी ऐसा ही हुआ था।' बता दें भारत को वर्ल्डकप फाइनल जितवाकर धोनी गंजे हो गए थे। ट्राॅफ के साथ उनका शेव्ड हेयर लुक काफी यूनिक था।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari