प्रयागघाट बनेगा नया वार्ड, मुट्ठीगंज में समाहित होगा कटघर वार्ड

परिसीमन से पार्षदों में मची उथल-पुथल

ALLAHABAD: वार्ड नंबर से ही शहर के लोगों की पहचान होती है। किसी भी डॉक्यूमेंट्स के एड्रेस में वार्ड नंबर जरूर लिखा जाता है। लेकिन अब शहर के लोगों को इम्पार्टेट डॉक्यूमेंट्स में दर्ज वार्ड नंबर को बदलना पड़ेगा नहीं तो फिर परेशान होना पड़ेगा। क्योंकि जल्द ही वार्डो का नंबर बदलने जा रहा है। नये परिसीमन की वजह से नंबरों का ये फेरबदल होने जा रहा है। जिस पर वर्तमान पार्षदों के साथ ही निकाय चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित दावेदारों ने भी आवाज उठाना शुरू कर दिया है।

जनगणना ने बिगाड़ा सारा खेल

नगर निगम के अधिकारियों को परिसीमन में वार्डो के सीमा क्षेत्र में जबर्दस्त फेरबदल इसलिए करना पड़ा है, क्योंकि जनगणना 2011 का आंकड़ा ही कुछ इस तरह से तैयार किया गया है। जिसने 2001 के जनगणना के अनुसार तैयार परिसीमन को पूरी तरह से पलट कर रख दिया है। 2011 की जनगणना में कई वार्डो की आबादी पिछली जनगणना से कम दर्ज की गई। इसलिए नए परिसीमन में चार वार्डो का अस्तित्व खत्म हो गया है। वहीं ज्यादा आबादी होने के कारण चार नए वार्डो का सृजन किया गया है। नियमानुसार एक वार्ड में 11,700 से 15,800 तक की आबादी हो सकती है। 2011 की जनगणना के अनुसार कई वार्डो में मानक से कम आबादी है और कइयों में अधिक। इसलिए परिसीमन में चार वार्ड खत्म करने और नए बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

सलोरी में मर्ज हुआ चांदपुर सलोरी

जनगणना में चांदपुर सलोरी वार्ड की आबादी 4528 दर्ज की गई तो उसे सलोरी वार्ड में शामिल कर लिया गया है। ईश्वर शरण आश्रम की आबादी 6750 बताई गई तो इस वार्ड को गोविंदपुर और सलोरी में जोड़ दिया गया। इसी तरह रामबाग की आबादी 6087 हुई तो इसको नई बस्ती कीडगंज और कीडगंज के वार्ड में समाहित कर दिया गया। कटघर की भी आबादी कम थी तो उसे मुट्ठीगंज भाग एक में मिला दिया गया है।

दो भाग में करेलाबाग, दो वार्ड में बंटा करेली

अभी तक प्रयाग घाट रेलवे स्टेशन का अस्तित्व था। वहीं अब प्रयाग घाट वार्ड भी जाना जाएगा। क्योंकि प्रयाग स्टेशन को जाने वाली रेल लाइन के दोनों ओर बसी आबादी को मिलाकर प्रयागघाट वार्ड बनाने का प्रस्ताव बनाया गया है। करेलाबाग भी आबादी बढ़ने पर दो भाग में हो गया है। करेली वार्ड भी दो वार्ड में बंट गया है। राजरूपपुर वार्ड भी बड़ा है, इसलिए यहां पर राजरूपपुर दो बनाया गया है।

Posted By: Inextlive