लगातार बनते जा रहे हैं प्रोजेक्ट लेकिन सफल होने में आ रही है अड़चने

सारनाथ में लगाया गया वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट सिस्टम की कमी से जूझ रहा

VARANASI

कूड़ा शहर के लिए सबसे बड़ा सिर दर्द बना हुआ है। इसे दूर करने के लिए जितनी दवा की गयी उतना ही दर्द बढ़ता जा रहा है। नगर निगम के लिए इस समय सबसे बड़ी चुनौती इसी सिर दर्द को दूर करना है। निगम की ओर से लगातार सर्वे और प्रयास किया जा रहा है। लेकिन हर प्रयास में नगर निगम सफल होता नहीं दिख रहा है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए नगर निगम ने कई बार प्रयास किये लेकिन सफलता नहीं मिली। एक बार फिर से नगर निगम की ओर से प्रयास किया गया। लेकिन ये सारे प्रयास के बाद भी निगम सर्वे एजेंसी ही बनकर रह गया है।

कूड़े से खाद का नहीं लग सका प्लांट

डोर टू डोर कूड़ा उठाकर उसका प्रबंधन कर खाद और प्लास्टिक बनाने वाली एक संस्था से नगर निगम ने डील की। संस्था को ट्रायल के तौर पर सारनाथ एरिया में एक लाख घरों के वेस्ट को कलेक्ट करने और उसके मैनेजमेंट का टारगेट दिया। लेकिन इसके बाद नगर निगम ही इस संस्था को भूल गयी। संस्था के अधिकारी का कहना है कि नगर निगम की ओर से जमीन फाइनल नहीं की गयी है। जिसके कारण वेस्ट मैनेजमेंट के लिए प्लांट नहीं लग पा रहा है।

एक लाख का टारगेट, वर्क आठ सौ पर

कूड़ा उठान और वेस्ट मैनेजमेंट के लिए मुस्कान ज्योति संस्था ने सारनाथ एरिया में काम शुरु किया। यहां पर एक लाख घरों से कूड़ा उठाना और उसके डी कंपोजिशन के बाद उसे खाद बनाकर मार्केट में बेचने का प्लांट लगाना है। लेकिन नगर निगम और जन सहभागिता के साथ जागरूकता की कमी के कारण एक माह बीतने के बाद भी मात्र आठ सौ घरों से ही कूड़ा निकाला जा रहा है। संस्था अभी एक हजार घरों पर ही काम कर पा रही है। इनमें से दो सौ घर के लोग इस प्रोजेक्ट को समझ नहीं पा रहे है।

नहीं है पर्याप्त संसाधन

मुस्कान ज्योति संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर एनपी सिंह का कहना है कि नगर निगम ने जमीन फाइनल नहीं की है। उनकी तरफ से सिर्फ दो गाडि़यां ही दी गयी है। इतने कम संसाधन में काम कर पाना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों और सारे संसाधन का खर्च फिलहाल हमें ही उठाना पड़ रहा है।

जमीन को लेकर विवाद है। जिसके कारण इस प्रोजेक्ट में कुछ परेशानी आ रही है। जल्द इसे दूर कर वेस्ट मैनेजमेंट का वर्क शुरु हो जाएगा। हो सकेगा तो दूसरे स्थान पर जमीन की तलाश की जाएगी। इसमें एक समस्या लोगों के जागरूकता की भी आ रही है।

एसपी शाही, नगर आयुक्त

Posted By: Inextlive