RANCHI: गर्मी की दस्तक के साथ ही रांची में पानी की किल्लत भी शुरू हो गई है। लोगों को बूंद-बूद पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। अगर यही स्थिति रही तो पीने के पानी के लिए भी लोग तरस जाएंगे। हालांकि रांची नगर निगम ने इसको लेकर तैयार की है, ताकि गर्मी में लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। लेकिन, तैयारी कितनी है यह तो समय ही बताएगा।

नल के पास सुबह से लाइन

कोकर की टुनकी टोली और तिरील इलाके में सप्लाई पानी ही लोगों का सहारा है। सुबह से ही लंबी लाइन सप्लाई वाले नल के पास देखी जा रही है। सबसे ज्यादा समस्या लोगों को पीने के पानी की है। चूंकि मोहल्ले में लगे चापानल से उनका बाकी काम तो हो जाता है लेकिन पीने के पानी के लिए ही उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। वहीं छोटे बच्चे भी अपने माता-पिता के साथ पानी भरने के लिए बाल्टी डिब्बा लेकर पहुंचने लगे हैं।

लोगों ने बताई परेशानी

हमारे एरिया में पानी की समस्या सबसे बड़ी है। लोगों को सप्लाई पानी के भरोसे रहना पड़ता है। अगर सप्लाई नहीं आता है तो हमें चापानल के पानी से ही काम चलाना पड़ता है। इस कारण सुबह से ही आकर यहां पानी के लिए लाइन में लगना होता है। ठंड के दिनों में तो कम पानी से काम चल जाता था।

सरजू

हमारे लिए पूरे साल पानी की समस्या बनी रहती है। पानी सप्लाई का भी टाइम फिक्स नहीं है। अगर टाइम फिक्स कर दिया जाता तो परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। कभी धूप में पानी भरना पड़ता है तो कभी अंधेरे में। अभी तो धूप में खड़े होकर पानी चालू होने का इंतजार करना प़ड़ रहा है।

अर्जुन

पानी की समस्या का निदान करना चाहिए। पानी की सप्लाई के लिए स्थाई व्यवस्था बहुत जरूरी है। इसके अलावा सभी गली मोहल्लों में भी पानी की पाइपलाइन बिछाने की जरूरत है, तभी पानी की समस्या दूर होगी।

सुमित्रा

Posted By: Inextlive