AGRA (23 May): दिल्ली से अब गोकुल बैराज को पानी नहीं मिल रहा है, जिसके कारण गोकुल बैराज से आगरा की सप्लाई बंद कर दी गई है। अभी तक भी गोकुल बैराज से पानी न के बराबर ही मिल रहा था, जिसे अब बिल्कुल ही बंद कर दिया गया है। अब शहर के सामने जल संकट खड़ा हो गया है। वहीं अधिकारियों की नींद उड़ी हुई है।

बढे़गी पानी की किल्लत

जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है वैसे वैसे पानी का लगातार संकट खड़ा होता जा रहा है। शहर की जरूरत के मुताबिक कम से कम 1300 क्यूसेक पानी चाहिए, लेकिन अभी तक गोकुल बैराज से मात्र 951 क्यूसेक पानी मिल रहा था, जिसे अब बिल्कुल बंद कर दिया गया है। इससे शहर में पानी की विकराल समस्या खड़ी हो सकती है। हालांकि इस संबंध में जिलाधिकारी पंकज कुमार ने सिंचाई विभाग और गोकुल बैराज के अधिकारियों से वार्ता की है।

मथुरा को पड़ रहे लाले

दिल्ली से गोकुल बैराज को पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल पा रही है, जिसके कारण मथुरा में पानी का संकट खड़ा न हो जाए, इसलिए आगरा को दिए जाने वाली पानी की सप्लाई बंद कर दी है। गोकुल बैराज से पानी की सप्लाई बंद होते ही जीएम जल संस्थान और जिलाधिकारी के होश उडे़ हुए हैं। उनके सामने शहर की कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती है।

नहीं है कोई स्टॉक का साधन

आगरा में पानी का कोई स्टॉक नहीं है, जिससे एक दिन की सप्लाई दी जा सके। शहर की सप्लाई मथुरा और दिल्ली पर निर्भर करती है। यह जानते हुए भी अभी तक ऐसा कोई इंतजाम नहीं किया गया, जिससे गोकुल बैराज से मिलने वाली सप्लाई को बंद कर दिया जाए, उस स्थिति में स्टॉक से काम चलाया जा सके।

कीठम में हो सकता है स्टॉक

शहर के जानकारों की माने तो कीठम झील के पास स्थित 28 दिन तक का स्टॉक किया जा सकता है। इसके लिए अगर जिलाधिकारी और कमिश्नर को पहल करनी होगी। कीठम झील में 18 फीट से अधिक पानी होने पर यमुना में पानी को छोड़ दिया जाता है। अगर इस पानी को रोजाना स्टॉक किया जाए तो वहां पर पानी स्टॉक की क्षमता करीब चार लाख क्यूसेक की है। इस पानी से शहर को करीब 28 दिन तक पानी की सप्लाई दी जा सकती है। गोकुल बैराज से आज जो सप्लाई बंद कर दी गई, इस स्थिति में यह स्टॉक शहर के काम आ सकता था, लेकिन इसकी ओर ध्यान देने की जरूरत है।

नहीं है कोई व्यवस्था

गोकुल बैराज से पानी की सप्लाई बंद किए जाने के बाद से जल संस्थान के पास शहर को पर्याप्त पानी की सप्लाई दिए जाने के लिए इंतजाम नहीं हैं। इस स्थिति में जिला प्रशासन को पानी के स्टॉक के लिए इंतजाम कर लेने चाहिए।

बारिश का सहारा

अब शहर को पानी उपलब्ध कराए जाने का एक मात्र बारिश का ही सहारा है। गोकुल बैराज से पानी बंद हो जाने और कोई इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।

Posted By: Inextlive