आगरा। यमुना किनारे रहने वाले लोगों की नींद उड़ी हुइ है। हर पल उनकी नजर नदी पर है। तेजी से बढ़ रहे वाटर लेवल को देखकर डर है कि कहीं पानी उनके घरों में न घुस आए। वहीं, सिंचाई विभाग ने उनकी टेंशन और बढ़ा दी है। अफसरों का कहना है कि गोकुल बैराज से पानी लगातार रिलीज किया जा रहा है।

रात में पानी घुस आया तो

यमुना के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को एक ही डर सता रहा है कि दिन में पानी आए तो हम सामान बांध कर यहां से चले जाएंगे, लेकिन रात में अचानक पानी आ गया तो क्या करेंगे? जयपाल सिंह ने बताया कि पानी तो यहां तक आ गया था। वहीं, प्रेमा देवी ने बताया कि पहले हमारी झोपड़ी भी डूब गई थी। अब झोपड़ी तक पानी आ गया है। हमने अपने मवेशी और सामान समेट लिया है।

दो दिन बाद पहुंचेगा आगरा

यमुना का वाटर लेवल बढ़ रहा है। सिंचाई विभाग के एक्सईएन की मानें तो ओखला और ताजेवाला से जो पानी रिलीज किया गया है वह दो दिन बाद आगरा पहुंचेगा। इसके पहुंचते ही यमुना का वाटर लेवल लो-फ्लड तक पहुंचने की संभावना है। बीती रात यमुना का वाटर लेवल 486 फीट पर था, जो सुबह 6 बजे तक 486.5 फीट पर पहुंच गया। दोपहर तक 490 फीट को क्रॉस कर गया। शाम 6 बजे तक यमुना का वाटर लेवल 490.08 फीट पर जा पहुंचा। सिंचाई विभाग से जुड़े अफसरों की मानें तो अभी वाटर लेवल और बढ़ेगा।

Posted By: Inextlive