तीनों पाइपलाइन बंद होने से बढ़ा पेयजल संकट

सिकंदरा से तीनों पाइपलाइन हुई बंद, पानी के लिए लोग परेशान

मेयर बोले सात फरवरी से पेयजल आपूर्ति हो जाएगी सुचारू

मेयर ने गुरु के ताल आरओबी के नीचे लिया मरम्मत का जायजा

पिछले तीन दिनों से चल रहा मरम्मत का काम

आगरा। सिकंदरा वाटर व‌र्क्स से तीनों पाइपलाइनों को बंद कर दिया गया है। इसके चलते शहर में पेयजल आपूर्ति का संकट बढ़ गया है। जलकल के टैंकर भी आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। गुरु का ताल के पास आरओबी के नीचे पिछले तीन दिनों से लीकेज पाइपलाइन के मरम्मत का काम चल रहा है। मंगलवार को मेयर नवीन जैन भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने सात फरवरी से पेयजल आपूर्ति सामान्य होने की बात कही।

सिकंदरा से आधे शहर को होती है पेयजल आपूर्ति

सिकंदरा वाटरव‌र्क्स से आधे से ज्यादा शहर में पेयजलापूर्ति की जाती है। यहां से तीन पाइपलाइनों के माध्यम से शहर में पेयजल का वितरण होता है। इसमें एक 1400 एमएम, दूसरी 1200 एमएम और तीसरी पाइपलाइन 900 एमएम की है। इन पाइपलाइनों से शाहगंज, लोहामंडी, संजय प्लेस, सूर्य नगर, लॉयर्स कॉलोनी, निर्भय नगर, अदन बाग, दयालबाग, आवास विकास कॉलोनी, सिकन्दरा, जयपुर हाउस, बोदला, ट्रान्स यमुना कालोनी आदि से भी ज्यादा क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति की जाती है।

मेयर ने दिए काम में तेजी लाने के निर्देश

मंगलवार को मेयर नवीन जैन ने जलकल के अधिकारियों के साथ आरओबी के नीचे चल रहे लीकेज मरम्मत के कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलकल के अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। जलकल के अधिकारियों ने मेयर को बताया कि पाइपलाइन की लीकेज की मरम्मत का काम बुधवार तक पूरा कर लिया जाएगा। टंकियों को फुल करने के बाद फिर शहर में पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। इस दौरान मेयर के साथ अधिशासी अभियंता राजेन्द्र आर्य, जलकल सचिव अनवर ख्वाजा, जेई अनूप सूद, अक्षत चौहान आदि मौजूद रहे।

टैंकर मंगवाने के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क

शहर में पेयजलापूर्ति के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। पानी का टैंकर मंगवाने के लिए कंट्रोल रुम के नंबर 8192095401, 402 अधिशासी अभियंता अनवर ख्वाजा के नंबर 8192095207 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा सहायक अभियंता शशिकांत चौबे 8192095214 पर संपर्क कर सकते हैं।

प्लांट और उनकी झमता

जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स में तीन प्लांट हैं, जिसमें दो 90 एमएलडी के तथा एक 45 एमएलडी का प्लांट है। तीनों की क्षमता 225 एमएलडी है। इसमें 90 एमएलडी का एक प्लांट बंद है। इसके चलते 135 एमएलडी की आपूर्ति का दावा जलकल के अफसरों का है, लेकिन हकीकत में 100 एमएलडी पानी की आपूर्ति ही हो पा रही है। सिकंदरा वाटर व‌र्क्स पर भी दो प्लांट हैं। यहां से अभी 100 एमएमडी की ही आपूर्ति हो पा रही है।

क्या कहते हैं जिम्मेदार

तेजी से लीकेज पाइपलाइन की मरम्मत का काम किया जा रहा है। पूरे कार्य की मॉनीटरिंग की जा रही है। गुणवत्ता को भी परखा जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नजर रखे हुए हैं। बुधवार शाम तक काम पूरा होने की उम्मीद की जा रही है। इसके बाद आपूर्ति शुरू की जाएगी।

आरएस यादव जीएम जलकल

Posted By: Inextlive