अफसरों का दावा सोमवार दोपहर तक शुरु कर देंगे आपूर्ति

- दिन भर चलता रहा मदिया कटरा तिराहे पर काम

आगरा। आज भी लोगों को पानी मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। रविवार को मदिया कटरा तिराहे दिन भर काम चलता रहा। इस दौरान कई इलाकों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकी। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलकल की मानें तो जहां से भी सूचना मिली। वहां टैंकर भेज दिए गए। जलकल के अफसरों का दावा है कि सोमवार दोपहर तक पेयजल आपूर्ति शुरु कर दी जाएगी। हालांकि अफसरों के दावे पुख्ता नजर नहीं आ रहे है।

-

8.5 लाख की लागत से हो रही मेन राइजिंग की मरम्मत

मदिया कटरा तिराहे पर 750 एमएम की मेन राइजिंग की मरम्मत का काम 8.5 लाख की लागत से किया जा रहा है। इस बारे में मेयर नवीन जैन ने बताया कि शहर में पुरानी लाइनों का जाल बिछा हुआ है। मदिया कटरा तिराहे पर तकरीबन 70 वर्ष पुरानी मेनराइजिंग थी। चूकिं इस स्थान पर पानी का प्रेशर रहता है। इसके चलते टी लीकेज कर रही थी। मेन राइजिंग की टी 8.5 लाख की लागत से बदली जा रही है। मेयर ने बताया कि इसका स्थायी निदान करने के लिए टी को ही बदला जा रहा है। संडे रात को कार्य पूरा कर लिया जाएगा। मंडे से पेयजल आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए हैं।

सिकंदरा वाटर व‌र्क्स से दोनों प्लांट किए गए हैं बंद

सिकंदरा वाटर व‌र्क्स के दोनों प्लांट बंद कर दिए गए हैं। इसके चलते आधे से ज्यादा शहर की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। लोगों को पिछले दो दिनों से पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। सिकंदरा वाटर व‌र्क्स प्लांट से आधे शहर को पेयजल आपूर्ति की जाती है। बता दें कि मदिया कटरा चौराहे से गुजर रही भूमिगत राइजिंग पेयजल की मेन पाइप लाइन कई बार लीकेज हो गई थी। जिसके चलते सैकड़ो लीटर गंगाजल सड़कों व नालियों बह रहा था। यह पेयजल पाइप लाइन सिकंदरा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पोषित है। इससे करीब आधे शहर में पेयजल सप्लाई होती है। शुक्त्रवार से मदिया कटरा तिराहे पर जलकल विभाग की तकनीकी टीम ने वाटर लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया इस दौरान सिकंदरा वाटर व‌र्क्स से आपूर्ति को बंद कर दिया था।

इन इलाकों में पेयजल की किल्लत

तोता का ताल

आवास विकास

लायर्स कॉलोनी

मदिया कटरा

शाहगंज

लोहामंडी

संजय प्लेस

खंदारी

केशवकुंज

चाणक्यपुरी

सरस्वती नगर

गढ़ी भदौरिया

अलकापुरी

प्रतापनगर

केदारनगर आदि क्षेत्र

मदिया कटरा तिराहे पर मेन राइजिंग की लीकेज का स्थायी निदान कराया जा रहा है। संडे की रात में काम पूरा कर लिया जाएगा। सोमवार से आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। जलकल के जो अधिकारी व कर्मचारी दिन-रात एक कर काम में जुटे हैं, वे तारीफ के पात्र हैं।

नवीन जैन मेयर आगरा

अभी मेन राइजिंग में वेल्डिंग का काम चल रहा है। हमारा प्रयास है कि रात तक काम को पूरा कर लिया जाए। सोमवार दोपहर से पेयजल आपूर्ति शुरु कर दी जाएगी।

आरएस यादव जीएम जलकल

Posted By: Inextlive