- नगर निगम कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार का दूसरा दिन

- सुबह केवल दो घंटे तक हुई पानी सप्लाई

GORAKHPUR: नगर निगम कर्मचारियों के जारी कार्य बहिष्कार के चलते शहर की व्यवस्थाएं पूरी तरह ध्वस्त हो गई हैं। शुक्रवार को गलियों में सफाई तो हुई लेकिन कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नहीं आई। दो दिन से जमा कूड़े की बदबू से लोग परेशान हुए। वहीं सुबह आठ बजे के बाद शहर के 40 प्रतिशत एरिया की पानी सप्लाई ठप होने से लोगों को रोजमर्रा के कामों में काफी दिक्कत हुई।

दिन भर पानी को तरसे

हड़ताल के पहले दिन तो ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। लेकिन दूसरे दिन शुक्रवार को इसका असर दिखने लगा। सुबह छह बजे से आठ बजे तक पानी सप्लाई हुई। इसके बाद कर्मचारी नगर निगम कार्यालय पर धरना देने चले गए। इस दौरान पानी सप्लाई पूरी तरह ठप रही। दोपहर 12 से दो बजे तक होने वाली डेली सप्लाई भी नहीं हुई। दिन भर सप्लाई ना होने से घरों की टंकियां खाली हो गईं। जलकल के आंकड़ों के मुताबिक बेतियाहाता, घंटाघर, बक्शीपुर, नखास, जाफरा बाजार, उचवां, तिवारीपुर, लालडिग्गी, गोलघर, दीवान बाजार, मोहद्दीपुर और पुर्दिलपुर एरिया के 70 प्रतिशत घर पानी सप्लाई पर निर्भर हैं। दोपहर बाद पानी बंद होने से इन इलाकों में हाहाकार मच गया। हाल ये रहा कि लोगों को एक दूसरे के घर से पानी उधार मांग काम चलाना पड़ा।

लाखों का नुकसान

इस हड़ताल से विभाग को जमकर नुकसान भी हो रहा है। नगर निगम में इन दिनों डेली टैक्स जमा करने वालों की लंबी लाइन लग रही है। वहीं मकान नंबर अलॉट कराने वाले भी भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। इनमें हाउस टैक्स, रेंट और लाइसेंस शुल्क जमा करने वाले शामिल होते हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रबीस चंद ने बताया कि पिछले एक माह से टैक्स वसूली में सख्ती के कारण डेली पांच से सात लाख रुपए टैक्स जमा हो रहा था। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के चलते लोगों बिना टेक्स जमा किए ही लौट जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दो दिन में विभाग को 10 से 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

वर्जन

यहां परेशानियों का अंबार लगा रहता है। कभी नगर निगम प्रॉब्लम करता है तो कभी बिजली विभाग। इस भीषण गर्मी में नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल ने हालत खराब कर दी है।

-सुनीता मौर्या,

हाउस वाइफ

अचानक पानी चले जाने से बहुत दिक्कत हुई। पानी ना आने के कारण बच्चों को बिना नहाए ही स्कूल जाना पड़ा।

-निशात अलमी,

टीचर, अली नगर

कूड़ा ना उठने के कारण गलियों में चलाना मुश्किल हो गया है। हर तरफ बदबू फैल रही है।

- सुषमा त्रिपाठी,

टीचर, शास्त्रीनगर

बहुत दिक्कत हो रही है। गलियों में कूड़े का अंबार लग गया है। ऊपर से पानी सप्लाई भी बंद हो गई है। पता नहीं कब सरकारी विभाग पब्लिक के लिए परेशानियां खड़ी करनी बंद करेंगे।

- शैलेश कुमार,

दुकानदार नौसड़

Posted By: Inextlive