- बोदला के पास मुख्य पाइप लाइन ब्रांच लाइन से जोड़ी जाएगी

- सिकंदरा वाटरव‌र्क्स से होती है 200 एमएलडी पानी की आपूर्ति

आगरा। आवास विकास सेक्टर एक से तीन, बोदला व उसके आसपास की तीन दर्जन कॉलोनियों में गुरुवार और शुक्रवार को पेयजल संकट रहेगा। दोनों दिन क्षेत्र में जलापूर्ति नहीं होगी। शनिवार शाम से जलापूर्ति शुरू होने के आसार हैं।

सिकंदरा वाटरव‌र्क्स से आवास विकास, सिकंदरा, बोदला, शाहगंज, मदिया कटरा, लोहामंडी, संजय प्लेस, खंदारी, लायर्स कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में 200 एमएलडी जलापूर्ति होती है। अधिशासी अभियंता अनवर ख्वाजा ने बताया कि जल संस्थान की टीम बोदला चौराहा के समीप मुख्य पाइप लाइन को ब्रांच लाइन से जोड़ने का काम करेगी। यह कार्य गुरुवार सुबह से शुरू होगा। जो शुक्रवार रात तक चलेगा। इसके चलते 48 घंटे तक जलापूर्ति नहीं होगी। इससे हजारों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

पानी की गुणवत्ता में आया सुधार

सिकंदरा वाटरव‌र्क्स से 143 एमएलडी गंगाजल और 57 एमएलडी यमुना जल की आपूर्ति हो रही है। गंगाजल की मात्रा अधिक होने से पानी की गुणवत्ता में सुधार आया है।

नहीं ठीक किए लीकेज

शहर के दर्जनभर से अधिक क्षेत्रों में लीकेज हैं। शिकायतों के बाद भी जल संस्थान की टीम ने लीकेज को ठीक नहीं किया है। सबसे अधिक लीकेज यमुना किनारा रोड, शाहगंज, यमुना पार, मंटोला, खंदारी, सिकंदरा-बोदला क्षेत्र में हैं।

आधा दर्जन क्षेत्रों में नहीं आया पानी

बुधवार को आवास विकास सेक्टर चार व पांच, दयालबाग, कमला नगर ई ब्लॉक, रामबाग, मंटोला के कुछ हिस्से में पानी नहीं आया। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Posted By: Inextlive