फिर बढ़ने लगा गंगा-यमुना का जलस्तर, उफान से शहर के भीतर का पानी निकलना हुआ मुश्किल

ALLAHABAD: दो दिन तक कम होता दिखा गंगा-यमुना का जल स्तर बुधवार को फिर बढ़ गया। इससे

प्रशासन के साथ शहर वालों की सांसें फिर तेज हो गई। क्योंकि अगर पहाड़ों पर या फिर इलाहाबाद में ही कुछ घंटों की झमाझम बारिश होती है तो फिर खतरा बढ़ सकता है। इसी आशंका और संभावना ने अब तटवर्ती इलाकों में बसे लोगों को डराना शुरू कर दिया है। बुधवार को हुई मोहल्लावाइज बारिश ने लोगों को डराया। वहीं मध्य प्रदेश में हुई बरसात के बाद गंगा-यमुना के जलस्तर में बढ़ाव दर्ज किया गया। जिसे देखते हुए डीएम ने एलर्ट जारी कर दिया।

खतरा है बरकरार

शहर में जलनिकासी के लिए एसटीपी जरूर बनाए गए हैं। लेकिन अल्लापुर, राजापुर, सलोरी, करैली, गऊघाट से लेकर गंगा-यमुना किनारे स्थित ज्यादातर नाले एसटीपी के थ्रू नहीं बल्कि डायरेक्ट गंगा यमुना में गिरते हैं। लेकिन गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण नाले करीब-करीब बंद हो चुके हैं। जिसकी वजह से नालों का पानी निकलने के बजाय अब बैक फ्लो मारने लगा है। अभी बारिश नहीं हो रही है, इसलिए दिक्कत नहीं हो रही है। जिस दिन झमाझम बरसात हुई। पानी का प्रेशर नहीं निकल पाएगा और बैक फ्लो मारने के साथ ही शहरी इलाके को पानी में डूबोएगा।

स्थिरता के बाद फिर बढ़ाव

दो दिन तक स्थिरता के बाद बुधवार को मध्य प्रदेश में हुई बरसात के बाद गंगा और यमुना के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ाव दर्ज किया गया। बुधवार को गंगा के जलस्तर में तीन सेंटी मीटर और यमुना के जलस्तर में 13 सेंटीमीटर व छतनाग में 13 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। जिसे देखते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई बाढ़ कार्य खण्ड पम्पिंग स्टेशन से जुड़े अभियंताओं को बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया। सभी एसडीएम व अधिकारियों को हिदायत दी कि वे बाढ़ से निबटने के लिए तैयारी कर लें। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के कार्यालय में बाढ़ नियंत्रण कार्यालय स्थापित कर दिया गया है। नियंत्रण कक्ष में लगे टेलीफोन नंबर 1077 व 2641577 पर बाढ़ संबंधी सूचना दी जा सकती है। जरूरत पड़ने पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के मोबाइल नंबर 9454417588 व अपर जिलाधिकारी नगर के मोबाइल नंबर 9454417809 पर कॉल कर जानकारी दे सकते हैं।

जलस्तर

फाफामऊ- 80.24

यमुना- 78.43

छतनाग 78.43

Posted By: Inextlive