RANCHI : बढ़ती ठंड से परेशान लोगों को वेडनेसडे को थोड़ी राहत मिली। आसमान में बादलों के छाए रहने से तापमान बढ़ गया। रांची में बुधवार सुबह को हुई बारिश ने लोगों को परेशान किया। थोड़ी देर बारिश के बाद दिनभर धूप-छांव का खेल चलता रहा। 31 दिसंबर को तापमान में अचानक 6.2 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऐसे में कांके का मिनिमम टेंप्रेचर 7.2 डिग्री रहा तो मैक्सीमम टेंप्रेचर 25 डिग्री पहुंच गया। वहीं रांची का मिनिमम टेंप्रेचर 10.1 डिग्री रिकार्ड किया गया तो मैक्सीमम टेंप्रेचर 25 डिग्री रहा।

गरीबरथ भी लगातार हो रही लेट

कोहरे की मार से ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। ऐसे में रांची आने वाली 12878 नई दिल्ली-रांची गरीबरथ 12 घंटे लेट पहुंची। वहीं कामाख्या एक्सप्रेस 20 घंटे देरी से आई। जम्मूतवी से रांची के रास्ते राउरकेला जाने वाली 18110 बुधवार को 14 घंटे लेट रांची पहुंची। वहीं रांची से जम्मूतवी जाने वाली 18109 भी तीन घंटे देर से खुली।

बादल छंटते ही बढ़ेगी ठंड

बुधवार को बादलों के छाए रहने से ठंड से लोगों को राहत मिली है। न्यू इयर सेलिब्रेशन को लेकर लोगों में उत्साह था। मौसम विज्ञानियों के अनुसार जैसे ही बादल छंटेंगे तापमान तेजी से गिर जाएगा। ऐसे में एक बार फिर कड़ाके की ठंड राजधानीवासियों को परेशान करेगी। थोड़ी बहुत बारिश की भी संभावना है। ऐसे में नए साल का जश्न बादलों के बीच मनाने के लिए लोग मूड बना चुके हैं।

रातू रोड में मिला लावारिस बैग, सनसनी

बुधवार की सुबह रातू रोड के नेहा ट्रैक्टर्स के समीप एक लावारिस बैग पाए जाने से सनसनी फैल गई। इस बात की सूचना सुखदेवनगर थाना प्रभारी रणधीर कुमार सिंह को दी गई। पुलिस की टीम सदल-बल घटनास्थल पर पहुंची और बम निरोधक दस्ते को बुलाकर बैग चेक किया। बैग में कुछ नहंी था। इसके बाद पुलिस बैग को अपने साथ ले गई।

Posted By: Inextlive