आज उत्तर भारत में कई इलाकों में बारिश बर्फबारी व कोहरे का कहर रहेगा। मैदानी इलाकों में ठंड भी बढ़ेगी। जानें माैसम का हाल...


कानपुर। आज उत्तर भारत में कोहरे और ठंड का असर काफी ज्यादा रहेगा। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर स्थित है। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के मुताबिक इसका प्रभाव आज उत्तर भारत में देखने को मिलेगा। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका है। आज जम्मू और कश्मीर, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर कोहरे का कहर रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा उत्तर भारत में ठंड भी काफी बढ़ेगी। ओडिशा में शीत लहर चलेगी। वहीं पूर्वोत्तर में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा भी घने कोहरे में छाए रहेंगे। इन राज्याें में भारी बारिश के आसार
वहीं स्काईमेट वेदर एजेंसी के मुताबिक आज जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर भारी हिमपात के भी आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तर और पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। गुजरात, तटीय तमिलनाडु और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं। वहीं उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस बढ़ेगा। बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री कम रहेगा।

Posted By: Shweta Mishra