पाकिस्तान अफगानिस्तान और पश्चिमी हिमालय पर फ्रेश वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश की आशंका है। हिमालय से लगे मैदानी इलाकों में तेज हवाएं चलने के आसार बन रहे हैं। ओडिशा के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा।


कानपुर। पश्चिमी हिमालय और आसपास के इलाके में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से 20 फरवरी को मौसम प्रभावित होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि इसके प्रभाव से दक्षिण पश्चिम राजस्थान में चक्रवात बनता दिख रहा है। इसके असर से इस क्षेत्र में आंधी-पानी के साथ बारिश की आशंका है। चक्रवातीय हवाओं में अरब सागर की नमी होने की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में बारिश के साथ कहीं-कहीं बर्फबारी हो सकती है।

मैदानी इलाकों में चलेंगी तेज हवाएं

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 20 और 21 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के इलाके में 20 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हिमालय की तराई में बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाके में समुद्र तल से 1.5 किमी से 3.1 किमी की ऊंचाई पर चक्रवात बनता दिख रहा है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि इसके असर से अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 2 दिनों तक बारिश होने के आसार हैं। ओडिशा में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहेगा।

Posted By: Satyendra Kumar Singh