Weather Forecast देश में उत्तर भारत समेत कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। आज भी यूपी-दिल्ली समेत कई राज्य भीगेंगे। जानें देश में आज कहां कैसा रहेगा माैसम...

कानपुर। Weather Forecast देश में एक बार फिर से कई इलाके बारिश की चपेट में आ रहे है। जम्मू कश्मीर के पास बने वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से आज कई इलाकों में बारिश होगी। वहीं वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब पर दिखाई दे रहा है। इसके अलावाएक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी भारत में असम के ऊपर बना हुआ है। तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों से मध्य महाराष्ट्र तक एक ट्रफ रेखा दिखाई दे रही है। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के अनुसार बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में हवाएं काफी तेज चलेंगी। मछुआरों को सलाह दी जाती है कि वे इन इलाको में प्रवेश न करें।

मध्य भागों में बारिश होने की संभावना

वहीं वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार आज उत्तराखंड में एक-दो स्थानों पर बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी तथा मध्य भागों में बारिश होने की संभावना है। बारिश की गतिविधियां पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी हो सकती हैं। इसके अलावा पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश होने के आसार हैं। सिक्किम में एक-दो स्थानों पर बारिश और बर्फपारी की संभावना है। दक्षिणी तमिलनाडु में हल्की वर्षा के आसार हैं। उत्तरी और आंतरिक तमिलनाडु के शहरों में भी छिटपुट बारिश हो सकती है। चेन्नई में भी बारिश की उम्मीद है।

अधिकांश स्थानों पर बारिश हुई

वहीं बीते 48 घंटों के माैसम पर नजर डालें तो पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी तथा मध्य भागों में अधिकांश स्थानों पर बारिश हुई है। उत्तराखंड के निचले इलाकों और उत्तर-पूर्वी राजस्थान तथा दिल्ली में भी कई जगहों पर बारिश रिकॉर्ड की गई। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और ऊपरी उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिलीं। असम और अरुणाचल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बारिश हुई है। अरुणाचल के कुछ हिस्सों में बर्फबारी भी हुई है।

Posted By: Shweta Mishra