Weather Alert आज यूपी-दिल्ली व बिहार में बारिश के आसार है। छत्तीसगढ़ में तो ओले भी गिर सकते हैं। जानें देश के अन्य राज्यों का माैसम...

कानपुर। Weather Alert देश में उत्तर भारत समेत कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। बीते दो दिनों की तरह आज भी यहां कहीं हल्की तो कहीं बारिश होने के आसार नजर आ रहे हैं। वेदर एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञानिकों के अनुसार देश के अलग-अलग भागों में माैसमी सिस्टम अलग-अलग बना है। आज जहां एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पूर्वी जम्मू और कश्मीर में दूर जा रहा है। वहीं एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर प्रदेश के मध्य भागों में स्थित है। इसके अलावा एक ट्रफ रेखा हरियाणा से उत्तर पूर्वी बिहार तक बनी हुई है। बांग्लादेश में भी एक चक्रवाती हवाओं का असर रहेगा।

उत्तराखंड में गरज संग छिटपुट बारिश की उम्मीद

आज बिहार, उत्तरी झारखंड, अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, नागालैंड और उत्तराखंड में गरज के साथ छिटपुट बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू व कश्मीर में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

कुछ जगहों पर बारिश व ओले गिरने के आसार
वहीं भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक आज उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश व ओले गिरने के आसार है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में माैसम बिगड़ सकता है। छत्तीसगढ़, और बिहार में भी माैसम कुछ ऐसा ही बिगड़ा रहेगा। इन राज्यों में हवाएं भी काफी तेज चलेंगी। झारखंड और पूर्व मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में बारिश व बादल छाए रह सकते हैं। बीते 24 घंटों में उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश देखी गई।

Posted By: Shweta Mishra