Weather Alert आज पूरे देश में बारिश के आसार हैं। पहाड़ों से मैदान तक कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश के आसार बने हैं। जानें आज यूपी-बिहार समेत अन्य राज्यों का हाल...


कानपुर। Weather Alert देश में आज पूर्व, पश्चिम उत्तर, पूर्वोत्तर व दक्षिण भारत लगभग सभी भागों में माैसम का मिजाज बिगड़े रहने के आसार है। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग ने उत्तर भारत में बने वेस्टर्न डिस्टरबेंस को लेकर कुछ इलाकों में बारिश का अनुमान जताया है। आज उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश में आज बारिश के साथ ही ओले गिरने के आसार है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। बिहार और पश्चिम बंगाल में भी बारिश होने की संभावना है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा भी बारिश से भीगेंगे। कर्नाटक व आसपास के इलाकों भी बाैछार पड़ने की संभावना है। ओडिशा के अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाया रहेगा।

यूपी में भी बारिश के आसार
वहीं वेदर एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञानिकों के अनुसार जम्मू व कश्मीर के पूर्वी हिस्सों और लद्दाख पर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस बना है। इससे उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के सटे भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दिखाई दे रहा है। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा ओडिशा तक बनी हुई है। ऐसे में आज के माैसम पर नजर डालें तो उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होगी। यूपी में भी बारिश के आसार हैं। ओडिशा, बिहार, झारखंड, पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के भी कुछ हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद है। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के अलावा आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

Posted By: Shweta Mishra