Weather Alert आज उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव रहेगा। वहीं उत्तर प्रदेश बिहार व अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं। जानें देश के अन्य राज्यों का माैसम...

कानपुर। Weather Alert देश में इन दिनों अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग माैसमी सिस्टम बना है। वेदर एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तरी अफगानिस्तान पर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस दिखाई दे रहा है। यह वेस्टर्न डिस्टरबेंस आज शाम या रात तक उत्तर भारत में दस्तक दे सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और इससे सटे बिहार पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से मणिपुर तक एक ट्रफ और तेलंगाना तक भी एक ट्रफ बनी हुई है। आज पूर्वोत्तर राज्यों में व्यापक बारिश होने की संभावना है।

ओडिशा में आज छाया रहेगा घना कोहरा

आज के माैसम की बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा और उत्तराखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंतरिक ओडिशा में दिन के तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। देश के बाकी सभी जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आज ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की संभावना है।

पिछले 48 घंटों में बारिश में भीगे ये राज्य

बीते पिछले 48 घंटों में ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वी बिहार के कुछ बारिश हुई। पूर्वोत्तर राज्यों, झारखंड और पश्चिमी बिहार में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के पूर्वी और तराई क्षेत्रों और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। हिमाचल प्रदेश में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में दिन के तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट हुई है।

Posted By: Shweta Mishra