Weather Alertउत्तर भारत में आज पंजाब दिल्ली एनसीआर में देर शाम तक बारिश हो सकती है। राजस्थान उत्तर मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में कुछ हिस्सों में आज बारिश की छिटपुट गतिविधियां जारी रहेंगी। आइए यहां जानें आज कहां कैसा रहेगा माैसम का हाल...

कानपुर। Weather Alert आज देश के कुछ हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों की मानें तो आज उत्तर भारत में जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में अलग-लग स्थानों पर बारिश होने के आसार है। यहां पर कई जगहों पर बादल गरजने, बिजली चमकने व तेज हवाओं से स्थितियां गंभीर हो सकती हैं। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती हैं। इसके अलावा आज मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी कुछ जगहों पर बारिश की आशंका है। गुजरात राज्य, विदर्भ, नागालैंड में भी माैसम बिगड़ा रह सकता है। पूर्वोत्तर में मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने के साथ बादल छाए रह सकते हैं। वहीं दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत की बात करें तो यहां केरल के अलग-अलग स्थानों पर और तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में भी बिजली चमकने के साथ छुटपुट बारिश हो सकती है।

महाराष्ट्र में बादलों की गरज के साथ बारिश हो सकती

वहीं वेदर एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञानिकों की मानें तो हल्की बारिश और गरज के साथ पहाड़ों पर बर्फबारी की उम्मीद है। आज पंजाब के उत्तरी जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। बाकी सभी स्थानों का मौसम शुष्क रहेगा। दिल्ली एनसीआर में देर शाम तक बारिश हो सकती है। राजस्थान के कुछ हिस्सों और उत्तर मध्य प्रदेश में गरज के साथ बारिश की छुटपुट गतिविधियां जारी रहेंगी। पूर्वोत्तर राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, मेघालय, मणिपुर और मिजोरम में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। महाराष्ट्र के कई इलाकों में मौसम बदलेगा और बारिश होने की संभावना है। खासतौर पर विदर्भ, मराठवाड़ा और दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में बादलों की गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इन भागों में कुछ इलाकों में बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। वहीं तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों, केरल के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों और तटीय ओडिशा में भी बारिश हो सकती है।

Posted By: Shweta Mishra