उत्तर भारत में आज कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। जानें आज कहां कैसा रहेगा माैसम का मिजाज...


कानपुर। देश के अलग-अलग हिस्सों में माैसम का मिजाज अलग-अलग रहेगा। उत्तर भारत में माैसम तेजी से बदल रहा है। भारतीय माैसम वैज्ञानिकों की बात करें तो बुधवार को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में व्यापक रूप से बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं न्यूनतम और अधिकतम तापमान की बात करें तो आज उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। अगले 2-3 दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी के आसार हैं। अगले 3 दिनों के दौरान पूर्व और आसपास के मध्य भारत में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।  पूर्वोत्तर भारत में बारिश में कमी होगी
वहीं वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में धुंध सी छाई रहेगी। वहीं केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के तटीय भागों, दक्षिणी कर्नाटक, रायलसीमा और दक्षिणी कोंकण-क्षेत्र की बात करें तो हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। महाराष्ट्र में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश के अासार हैं। कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिशके आसार हैं। पश्चिमी हरियाणा और इससे सटे पंजाब में भी बारिश की आशंका है। पूर्वोत्तर भारत में बारिश में कमी होगी। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।

Posted By: Shweta Mishra