उत्तर भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में आज कई राज्य भारी बारिश से सराबोर रहेंगे। जानें आज कहां कैसा रहेगा माैसम का मिजाज...


कानपुर। देश में इन दिनों उत्तर भारत में माैसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के वैज्ञानिकों के मुताबिक आज शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम राजस्थान सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में कई स्थानों पर आज भी भारी बारिश की संभावना है। वहीं दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के माैसम की बात करें तो आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने व गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।आज कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी
वहीं वेदर एजेंसी स्काइमेट के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे आसपास के भागों पर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस बना है। इसकी वजह से उत्तरी राजस्थान और इससे सटे पाकिस्तान पर एक चक्रवाती हवाओं का एरिया क्रिएट हुआ है। इससे पंजाब और हरियाणा में आज कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं उत्तर प्रदेश में माैसम शुष्क है। यहां अगले 24 घंटे में अधिकांश इलाकों में हवा की रफ्तार हल्की रहेगी। इससे कई जगहों पर धुआं और कुहासा छा सकता है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस से तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। अगले दो दिनों के दौरान, पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम तापमान बढ़ने की संभावना है।

Posted By: Shweta Mishra