Weather Alert देश में आज कुछ इलाके बारिश की चपेट में रहेंगे तो कुछ इलाकों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ेगा। आइए यहां जानें आज कहां कैसा रहेगा माैसम...

कानपुर। Weather Alertआज देश के कुछ हिस्सों गरज के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वेदर एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञानिकों के अनुसार आज उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों और मैदानी इलाकों में माैसम का मिजाज अलग-अलग रहेगा। जम्मू कश्मीर में कुछ स्थानों पर हिमाचल, लद्दाख, उत्तराखंड और पंजाब व हरियाणा के तराई क्षेत्रों में एक-दो जगहों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं राजस्थान, दिल्ली व उत्तर प्रदेश में अधिकांश इलाकों में माैसम सामान्य रहेगा। यहां दिन का तापमान बढ़ने के आसार हैं। उत्तर-पूर्वी और पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और विदर्भ तथा आंतरिक कर्नाटक जैसे राज्य भी बारिश की चपेट में रहेंगे।

बादलों की गरज के साथ हल्की बारिश के आसार

वहीं पूर्वोत्तर राज्यों, झारखंड और केरल में भी एक-दो स्थानों पर बादलों की गरज के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। देश में व उसके आसपास बने माैसमी सिस्टम की बात करें तो इन दिनों उत्तरी पाकिस्तान पर वेस्टर्न डिस्टरबेंस बना है। हालांकि वह इस समय कमजोर है। वहीं एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी मध्य प्रदेश पर है, जबकि एक अन्य चक्रवाती सिस्टम पूर्वी असम पर बना है। बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्सों पर एक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य एंटी साइक्लोन अरब सागर के मध्य पूर्वी हिस्सों पर है। पूर्वी मध्य प्रदेश से कर्नाटक तक एक ट्रफ भी बना हुआ है।

Posted By: Shweta Mishra