Weather Alert उत्तर भारत में आज पहाड़ों पर बारिश तो मैदानी इलाकों में धूप खिलेगी। इससे कई पंजाब हरियाणा दिल्ली राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन का तापमान बढ़ने के आसार हैं। जानें आज कहां कैसा रहेगा माैसम...


कानपुर। Weather Alert देश में आज उत्तर भारत में माैसम लगभग सामान्य रहेगा। कुछ इलाके बारिश से भीगेंगे तो कुछ में तापमान में बढ़ोत्तरी के आसार है। वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों सहित पश्चिमी हिमालय पर गरज के साथ छुटपुट जगहों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है। वहीं उत्तरी हरियाणा और उत्तरी पंजाब में भी हल्की बारिश की गतिविधियां होने के आसार हैं। बाकी पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन का तापमान बढ़ेगा। बीते 24 घंटे में जहां पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। वहीं उत्तर प्रदेश के मध्य भागों, मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ाेत्तरी देखने को मिली थी।

मराठवाड़ा में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती
वहीं आज तेलंगाना के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें गिरने के आसार हैं। जबकि मराठवाड़ा में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। देश में बने आज के माैसमी सिस्टम पर नजर डालें तो एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस जम्मू कश्मीर और इससे सटे भागों के पास बना हुआ है। इसके प्रभाव से बना चक्रवाती सिस्टम मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब और हरियाणा पर है। इसके अलावा एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिणी मध्य प्रदेश और इससे सटे विदर्भ पर बना हुआ है। वहीं एक ट्रफ रेखा इस सिस्टम से कर्नाटक तक बनी है।

Posted By: Shweta Mishra