Weather Alert: देश में आज लगभग राज्यों में माैसम सामान्य रहेगा। उत्तर के पहाड़ी राज्यों को छोड़कर अन्य राज्यों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। यूपी-दिल्ली में तो तापमान में बढ़ेत्तरी के आसार हैं। जानें अन्य राज्यों का माैसम...

कानपुर। Weather Alert जम्मू-कश्मीर और उससे सटे उत्तर पाकिस्तान पर एक बने वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बीते कुछ घंटों में अचानक से बिगड़ा माैसम अब फिर सुधर गया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस आगे बढ़ते हुए लद्दाख के पूर्वी हिस्सों पर पहुंच गया है। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक आज उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में माैसम सामान्य रहेगा। जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश में आज कुछ जगहों पर हल्की तो कुछ जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं। उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा को छोड़कर अन्य राज्यों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसके साथ ही चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां पर तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हो सकती है।

उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में भी छिटपुट बारिश

वेदर एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञानिकों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में आज भी बारिश बनी रहेगी। इसके अलावा लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड की बात करें तो एक-दो स्थानों पर बारिश के आसार दिख रहे हैं। वहीं राजस्थान की बात करें तो राज्य के दक्षिणी भागों में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा के इलाकों में भी छिटपुट बारिश की संभावना है। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी कुछ इलाके बारिश से भीग सकते हैं। वहीं पूर्वोत्तर की बात करें तो यहां पर असम में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। देश के बाकी भागों में मौसम शुष्क रहेगा।

Posted By: Shweta Mishra