उत्तर भारत आज एक बार फिर ठंड और कोहरे की गिरफ्त में हैं। इस दाैरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार समेत आज कुछ राज्यों में बारिश के भी आसार हैं। जानें अन्य राज्यों का माैसम


कानपुर। देश में आज कई इलाकों में कोहरा व बारिश का कहर बरप रहा है। बीते दो दिनों की तुलना में ठंड में भी इजाफा हो रहा है। वेदर एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञानिकों के मुताबिक देश भर में बने मौसमी सिस्टम उत्तरी जम्मू व कश्मीर के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। मध्य पाकिस्तान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दिखाई दे रहा है। उत्तर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार व झारखंड में गुजरात से ओडिशा के उत्तरी तट तक एक ट्रफ फैली हुई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के मध्य भागों में ट्रफ रेखा सहित एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी विकसित है। बारिश से भीगेंगे ये राज्य
आज ओडिशा, छत्तीसगढ़ सहित गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना, विदर्भ, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश होे सकती है। पश्चिमी हिमालय, जम्मू व कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख पर बारिश व बर्फभारी की गतिविधियां बढ़ेगी। उत्तराखंड में भी हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश और उत्तर पूर्वी भारत की बात करें तो यहां बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में और वृद्धि हो सकती है।

Posted By: Shweta Mishra