वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से आधे भारत को ठंड आैर कोहरे ने अपनी चपेट में ले लिया है। उत्तर भारत में जहां शीतलहर से ठिठुरन बढ़ती जा रही है वहीं पूर्वोत्तर भारत के प्रदेश घने कोहरे की चादर में ढके हुए हैं।


कानपुर। भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण उत्तर भारत के पंजाब और उत्तरी राजस्थान के इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। शुक्रवार को मैदानी इलाकों में देश का सबसे ठंडा इलाका पंजाब का बठिंडा रहा, यहां पारा शून्य से नीचे माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, विदर्भ, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, ओडिशा, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और गुजरात के इलाकों में शीतलहर जारी रहेगी। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकता है, जिससे उत्तर और पश्चिमोत्तर भारत में ठिठुरन और गलन बढ़ सकती है।पंजाब में पाला और पूर्वोत्तर भारत में घना कोहरा
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि उत्तर भारत के साथ पूर्वोत्तर भारत के राज्य घने कोहरे में ढके रहेंगे। पंजाब, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और हिमालय के नीचे पश्चिम बंगाल के इलाकों में घने कोहरे से विजिबिलिटी काफी कम रहेगी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि पंजाब, उत्तरी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पाला पड़ेगा। इन इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी जिससे ठिठुरन बढ़ेगी। मौसम विभाग ने संबंधित विभागों को चेतावनी जारी करके सतर्क रहने को कहा है।

Posted By: Satyendra Kumar Singh