उत्तर व पूर्वाेत्तर भारत के अधिकांश इलाके आज भी कोहरे की चादर में ढके रहेंगे। इसके साथ ही तापमान में गिरावट जारी रहेगी। आइए जानें देश के दूसरे हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज...

कानपुर। उत्तर भारत में इन दिनों हवाएं काफी ठंडी चल रही हैं और सर्दी भी बढ़ रही है। आज भी यहां न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत व पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में कोहरा रहेगा । अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ , दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सुबह घना कोहरा रहेगा। अधिकांश राज्यों में पूरे दिन धुंध सी छाई रहेगी।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से हालात बिगड़ने की आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमानाें के मुताबिक 8 दिसंबर को हिमालय के पश्चिम में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से हालात बिगड़ने की आशंका है।  9 और 10 दिसंबर को पश्चिमी हिमालय व उससे जुड़े मैदानी इलाकों घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तर भारत को छोड़कर अगले 3 दिन तक देश के अन्य मुख्य हिस्साें में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं दिख रहे हैं। वहीं कल की विजिबिलिटी देखें ताे अमृतसर में 200 मीटर, सुंदरनगर, दिल्ली, आगरा और लखनऊ में 500 मीटर विजिबिलिटी रही।
आगामी 9 दिसंबर को लो प्रेशर बनने का अनुमान
इधर बीते कई दिनों से दक्षिण प्रायद्विपीय भारत के तमिलनाडु, पुदुचेरी, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप के कुछ इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पश्चिम में आगामी 9 दिसंबर को लो प्रेशर बनने का अनुमान है। इसकी वजह से ही दक्षिण प्रायद्विपीय भारत के राज्यों में अभी से बारिश हो रही है। वहीं लो प्रेशर का सबसे ज्यादा असर  पुदुचेरी, तमिलाडु, और तटीय आंध्र प्रदेश में रहेगा।

माैसम : उत्तर में तापमान में गिरावट तो दक्षिण भारत में भारी बारिश, जानें आज के मौसम का हाल

 

Posted By: Shweta Mishra