-अचानक साढ़े तीन बजे तेज हवा के साथ हुई बारिश

-कई जगह पेड़ व बिजली के तार टूटे, बाधित रही बिजली सप्लाई

VARANASI

कई दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को अब जाकर थोड़ी राहत मिली है। बुधवार को तड़के करीब साढ़े तीन बजे आंधी और बारिश हुई। इसकी वजह से कई जगह पेड़ व बिजली के पोल गिर गए। बिजली के तार भी टूटे, जिससे विद्युत आपूर्ति भी बाधित हुई। इसके बाद दिन में भी तेज धूप और गर्मी थी। हालांकि शाम को फिर से मौसम ने थोड़ी नरमी बरती। तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को दिन में लोगों को भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ी। कड़क धूप का असर है कि तापमान में एक बार फिर से बढ़त दर्ज की गई थी।

बदल रहा टेंप्रेचर

अधिकतम तापमान जहां एक दिन पहले की अपेक्षा तकरीबन तीन डिग्री सेल्सियस चढ़ कर 43 डिग्री पर पहुंच गया था। वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई। वह इस साल के अपने अधिकतम स्तर 31.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो एक दिन पहले की अपेक्षा तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था। उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इसके साथ नमी भी वातावरण में है। बुधवार को तापमान धड़ाम हो गया। 24 घंटे में अधिकतम तापमान 38.6 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस हो गया था। वहीं आद्रता भी 93 प्रतिशत हो गई थी। प्रसिद्ध मौसम विज्ञानी प्रो। एसएन पांडेय ने बताया कि अपनी सामान्य गति से चल रहा मानसून कमजोर हुआ है। इसके 20 जून तक बनारस पहुंचने के आसार थे पर अब यह तकरीबन एक हफ्ता लेट हो सकता है। तब तक पूर्वाचल में गरज के साथ आंधी व हल्की बारिश होती रहेगी। ओले पड़ने की भी संभावना बन रही है। यह स्थिति लोकल हीटिंग व नमी अनुकूल होने से बन रही है।

Posted By: Inextlive