दिल्ली में बुधवार को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। यहां हल्की बारिश का अनुमान लगाया गया है। मगर एक दिन फिर से लू चलने की पूरी संभावना है।

नई दिल्ली (पीटीआई)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान है और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में वृद्धि और 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान है। उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मुंगेशपुर में भीषण गर्मी ने पारा 49.2 डिग्री सेल्सियस और शहर के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों के नजफगढ़ में 49.1 डिग्री सेल्सियस तक धकेल दिया था।

शुक्रवार को फिर चलेगी लू
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा और शुक्रवार तक 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को शहर के कुछ हिस्सों में लू की चेतावनी जारी की है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को ताजा पश्चिमी विक्षोभ और रविवार को हल्की बारिश के प्रभाव में गरज और तेज हवाएं चल सकती हैं।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari