दिल्ली सहित आस-पास के इलाकों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट देखी गई। दिल्ली में तो पिछले 18 सालों में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

नई दिल्ली (पीटीआई)। दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने दिन में बाद में हल्की बारिश के साथ आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को हुई भारी बारिश और आंधी ने न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट ला दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, शहर में सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक 15 मिमी बारिश दर्ज की गई।

18 सालों में सबसे कम न्यूनतम तापमान
सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री कम 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में मई महीने का पिछले 18 सालों का सबसे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया जब तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस था। सबसे न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड 15.2 डिग्री सेल्सियस है, जो 2 मई 1982 को दर्ज किया गया था।

बुधवार को भी तपन रहेगी कम
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे ह्यूमिडिटी 77 फीसदी रही। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 21 डिग्री सेल्सियस और 38 डिग्री सेल्सियस पर रहने की संभावना है।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari