Weather Update देश में आज उत्तर भारत के दिल्ली व यूपी समेत कई राज्यों में कोहरे से थोड़ी राहत दिखी। हालांकि इन राज्यों में शीत लहर चल रही है। जानें आज कहां कैसा रहेगा माैसम...


कानपुर। Weather Update देश में आज उत्तरी पाकिस्तान के पास एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस दिख रहा है। वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक वहीं पूर्वोत्तर में असम के दक्षिणी भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। दूसरी ओर तटीय आंध्र प्रदेश पर एक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दिखाई दे रहा है। आज पूरे दिन के माैसम पर नजर डालें तो उत्तर भारत के जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की आशंका है। इससे मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चलेंगी। अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। असम और नागालैंड में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा


इसके अलावा देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत के भागों के साथ-साथ मध्य और पूर्वी भारत में ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलती रहेंगी। हवाओं की रफ्तार बढ़ सकती है जिससे इन भागों में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में कुछ स्थानों पर कोल्ड डे कंडीशंस भी बन सकती है।

न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट
दिल्ली में भी आज सुबह से माैसम खिला है। एक दिन पहले के माैसम की बात करें तो उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आई है। देश के उत्तरी और मध्य भागों में चल रही उत्तर-पश्चिमी तेज हवाओं के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित गंगा के मैदानी भागों में कोहरा समाप्त हो गया है। दिल्ली प्रदूषण में भी कमी आई है।

Posted By: Shweta Mishra