देश में उत्तरी राजस्थान दिल्ली पूर्व और मध्य उत्तर प्रदेश में एक बार फिर ठंड ने करवट पलटी है। वहीं कुछ जगहों पर बारिश होने के आसार हैं। जानें देश में आज कहां कैसा रहेगा माैसम...


कानपुर। एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पाकिस्तान और उसके आसपास में बना है। इसका असर पहाड़ों से लेकर मैदान तक साफ दिख रहा है। मैदानी इलाकों में एक बार फिर से ठंड ने करवट ले ली है। अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक आज जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली कोहरे में डूबे रहेंगे


वहीं कुछ जगहों पर बर्फबारी होने की आशंका है। उत्तराखंड में कोल्ड डे की जैसी स्थिति बनी रहेगी। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में घने कोहरे की भी संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान जैसे राज्य घने कोहरे में डूबे रहेंगे। वहीं ओडिशा में भी कुछ जगहों पर कोहरा छाया रहेगा। आज पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी हो सकती है बारिश

वेदर एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञानिकों के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ हिस्सों में ओले भी गिर सकते हैं। उत्तरी राजस्थान, दिल्ली, पूर्व और मध्य उत्तर प्रदेश, ओडिशा छत्तीसगढ़, विदर्भ के कुछ हिस्सों और साथ ही बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और उत्तर तेलंगाना में बारिश भी होने की संभावना है।इससे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में ठंड भी बढ़ेगी।

Posted By: Shweta Mishra