Weather Update देश में एक बार फिर माैसम ने यूटर्न लिया है। उत्तर भारत में आज यूपी-दिल्ली समेत कई इलाके बारिश से भीगेंगे। वहीं कई राज्यों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। जानें आज कहां कैसा रहेगा माैसम...


कानपुर। Weather Update उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू और कश्मीर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस बना है। इसकी वजह से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है। हरियाणा के उत्तरी भागों में भी इसका असर है। भारतीय माैसम विज्ञान के मुताबिक आज पूर्वी, मध्य व उत्तर भारत में कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार में आज कई इलाके भीगेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर चलने की संभावना है। इससे लोगों का ठंड से बुरा हाल होगा। वहीं आज से अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की संभावना है।बारिश की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ेंगी
वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक जम्मू व कश्मीर पर बना वेस्टर्न डिस्टबेंस पूर्वी दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से विकसित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब पर दिखाई दे रहा है। इस सिस्टम से एक ट्रफ उत्तर प्रदेश के उत्तरी भागों तक बना हुआ है। वहीं एक चक्रवात बंगाल की खाड़ी के पश्चिमी और मध्य भागों पर दिखाई दे रहा है। ऐसे में आज पश्चिम बंगाल और तटीय ओडिशा में भी बारिश के आसार हैं। उत्तर-पूर्वी राज्यों खासकर असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ेंगी। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में एक-दो स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तरी महाराष्ट्र में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

Posted By: Shweta Mishra