Weather Update Today : दिल्ली समेत उत्तर भारत के अन्य कई राज्य आज बारिश की चपेट में रहेंगे। राष्ट्रीय राजाधनी के लिए माैसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां जानें अन्य राज्यों का माैसम...


कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Weather Update Today : उत्तर भारत समेत देश के तमाम हिस्सों में आज सोमवार को भी बारिश के साथ तेज हवा चलने के आसार है। भारत के मौसम विभाग (IMD) ने देश की राजधानी दिल्ली के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय राजधानी में तेज हवाओं व भारी बारिश के साथ ओले गिरने की भी आशंका है। बदले माैसम की वजह से दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। इसके पहले कल रविवार को भी दिल्ली के कुछ हिस्सों में ओले गिरे थे। इससे अधिकतम तापमान मौसम के औसत से तीन डिग्री नीचे 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन राज्यों में भी बारिश की भविष्यवाणी
दिल्ली के अलावा माैसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में भी बारिश की भविष्यवाणी की है। उत्तर प्रदेश में भी बारिश साथ ही ओले गिरने की भी आशंका जतायी है। बता दें कि बेशक इस बारिश से माैसम सुहाना हो रहा है। इसके साथ ही लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है लेकिन इस बेमाैसम बारिश से किसान काफी चिंतित है। बारिश और ओले गिरने से गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हो रहा है। किसानों का कहना है कि गेंहू की फसल पककर तैयार है। ओले गिरने से गेंहू की बालिया खेत में ही गिर रही है। इसके अलावा सब्जियां भी प्रभावित हो रही हैं।

Posted By: Shweta Mishra