-पश्चिमी विक्षोभ के चलते चली सर्द हवाएं, धान को नुकसान

-अगले कुछ दिन धुंध व बारिश की संभावना

 

Meerut : दो दिन से धूप को अपने आगोश में लपेटे बादल आखिरकार बरस ही पड़े। पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते पश्चिमी उप्र में बुधवार आधी रात के बाद शुरू हुई बूंदाबांदी और सर्द हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बृहस्पतिवार सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश हुई। दोपहर बाद कुछ देर के लिए सूरज कौंधा लेकिन बादलों के आगे उसने भी हार मान ली। दिन भर सर्द हवाएं चलती रहीं। कुछ जगह दोपहर बाद निकली धूप ने गर्माहट भी दी। मौसम विभाग के अनुसार दीवाली तक मौसम में ऐसा ही उलटफेर होता रहेगा। मेरठ, सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल में बृहस्पतिवार को अल सुबह से पश्चिम में रुक-रुककर हुई बारिश से ठंड में काफी इजाफा हुआ है। बारिश के साथ चली सर्द हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों में लिपटने को मजबूर कर दिया। बूंदाबांदी के चलते नगरीय इलाकों में सड़कों पर कीचड़ के साथ फिसलन बनी रही। अलीगढ़ में तड़के चार बजे से चलीं तेज हवाओं से ठंड बढ़ गई। शाम तक धूप-छांव का खेल चलता रहा, मगर बादल यहां नहीं पसीजे। बरेली में भी हलकी बारिश हुई। कई जिलों में धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। आगरा में भी दिन भर ठंडी और तेज हवाएं चलती रहीं। साथ ही बादलों और धूप में लुकाछिपी का खेल भी चला।

 

निदेशक मौसम विभाग रंजीत सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते बादलों की लुकाछुपी, धुंध, बारिश व सर्द हवाओं का यह खेल आगे भी जारी रहेगा। हरियाणा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर व आसपास के पहाड़ी इलाकों में कहीं बारिश, कहीं बर्फ तो कहीं सर्द हवाएं चलने का असर दिल्ली एनसीआर में देखा जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ दीपावली तक फिर असर दिखा सकता है। जितनी बार यह विक्षोभ आएगा, उतनी बार तापमान में गिरावट आती जाएगी।

Posted By: Inextlive