आठ तक के सभी स्कूल 11 तक बंद

कोहरे के चलते दिल्ली की फ्लाइटें 13 तक की गई कैंसिल

कक्षा नौ से 12वीं तक के स्कूल सुबह दस बजे के बाद खुलेंगे

अगले 24 से 48 घंटे में पारा और नीचे जाने का है अनुमान

ALLAHABAD: पहाड़ों पर शुरू हो चुकी बर्फबारी ने मैदानी इलाके पर असर दिखाना शुरू कर दिया है। घने कोहरे के बीच जनता को दो दिन से सूरज का दर्शन नसीब नहीं हुआ है तो बर्फीली हवा चलने से दिन और रात के तापमान में अब सिर्फ चार डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दो दिनो में पारा और नीचे जा सकता है। जबर्दस्त कोहरे और गलन को देखते हुए आयुक्त के निर्देश पर अपर आयुक्त ने मंडल के कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को 10 दिसंबर तक बंद करने का आदेश दिया है तो इलाहाबाद के डीएम संजय कुमार ने इस आदेश के अनुपालन में आदेश जारी करते हुए कक्षा नौ से 12 तक के सभी स्कूलों को सुबह दस बजे से शाम चार बजे के बीच संचालित करने का आदेश जारी किया है।

दो दिन से बढ़ गई है ठिठुरन

पहाड़ से मैदान की ओर बहने वाली बर्फीली हवाओं के कारण गलन और ठिठुरन अचानक बढ़ गई है। समूचे उत्तर भारत में ठंड के साथ घना कोहरा छाया हुआ है। इलाहाबाद भी कोहरे की सफेद चादर से ढका नजर आ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि गंगा के मैदान में ठंडी हवाओं का डेरा देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटे में तापमान में अभी और गिरावट दर्ज की जायेगी।

दस साल में चार बार चार डिग्री

भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी रिकार्ड की मानें तो पिछले दस साल में दिसम्बर में चार बार न्यूनतम तापमान निचले स्तर तक पहुंचा है। साल 2006, 2012, 2013 और फिर 2014 इसमें शामिल हैं। इन वर्षो में दिसंबर में पारा चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। बाकी के सालों में भी बहुत ज्यादा अंतर नहीं रहा। ऐसे में मौसम विज्ञानियों का मानना है कि इस बार भी दिसम्बर में टेम्परेचर चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

लगातार दर्ज हो रही गिरावट

गौर करने वाली बात यह है कि दिसम्बर के शुरुआती दस दिन 30 डिग्री सेल्सियस तापमान के आसपास रहे हैं। इस बार ठिठुरन भरी ठंड की शुरुआत माह के शुरुआत के साथ ही हो गई है। आंकड़ों पर गौर करें तो बीते सालों में न्यूनतम तापमान का रिकार्ड दिसम्बर के अंतिम दस दिनो में बना है। लेकिन करेंट मंथ में अभी सात दिसम्बर ही बमुश्किल पार हुआ है और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट का दौर जारी है।

दिसम्बर माह में इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

26 दिसम्बर 2015- 5.8

26 दिसम्बर 2014- 4.4

30 दिसम्बर 2013- 4.8

25 दिसम्बर 2012- 4.9

22 दिसम्बर 2011- 6.2

22 दिसम्बर 2010- 8.2

26 दिसम्बर 2009- 8.6

31 दिसम्बर 2007- 6.6

31 दिसम्बर 2006- 4.2

अधिकतम तापमान

01 दिसम्बर 2015- 32.6

01 दिसम्बर 2014- 31.5

02 दिसम्बर 2013- 29.2

12 दिसम्बर 2012- 29.4

05 दिसम्बर 2011- 29.4

30 दिसम्बर 2010- 28.8

15 दिसम्बर 2009- 28.3

11 दिसम्बर 2008- 30.3

02 दिसम्बर 2007- 28.1

05 दिसम्बर 2006- 31.9

जिस तरह का मौसम है, उसमें अगले कुछ दिनो में छिटपुट बरसात के साथ ओला भी पड़ने की संभावना बलवती होती है।

प्रो। बीएन मिश्रा

एक्स। एचओडी, ज्योग्राफी डिपार्टमेंट, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी

Posted By: Inextlive