बाॅलीवुड एक्ट्रेस फातिमा सना शेख ने शाहरुख खान के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद किया। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने जब शाहरुख को पहली बार छुआ था तो पूरा दिन हाथ नहीं धोया था।

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। एक्ट्रेस फातिमा सना शेख ने सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ 'वन 2 का 4' में एक चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में काम किया था। उसके बाद बड़े होने पर फातिमा की एसआरके के साथ पहली मुलाकात एक दिवाली पार्टी में हुई थी और शाहरुख को सामने देख फातिमा हड़बड़ा गई थी। 2017 का किस्सा सुनाते हुए फातिमा ने खुलासा किया कि वह पार्टी में अपने दंगल के सह-कलाकार आमिर खान और सान्या मल्होत्रा ​​​​के साथ थीं। तब आमिर ने फातिमा को शाहरुख से मिलवाया। इस दौरान उनकी आपस में बातचीत हुई और शाहरुख ने एक चुटकुला सुनाया और फातिमा ने उन्हें छू लिया।

यादगार है वो पहली मुलाकात
बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए फातिमा ने कहा, 'मेरे साथ एक मजेदार घटना हुई थी। शाहरुख दीवाली पार्टी में पहुंचे थे और मैं उन्हें देखते हुए घबरा गई थी। वह जहां भी जाते, मैं उन्हें दूर से देखती। आमिर ने हमें उनसे मिलवाया और शाहरुख ने एक जोक सुनाया। मुझे याद नहीं है वह जोक कौन सा था, लेकिन मैं जोर से हँसी और मैंने एसआरके को छू लिया। इसके बाद पूरे दिन मैंने अपना हाथ नहीं धोया।' फातिमा ने आगे कहा, "अगर उन्हें इस बारे में पता चल गया तो वह मेरे साथ कभी काम नहीं करेंगे।" हालांकि एक्ट्रेस एसआरके के साथ फिल्म करने को लेकर आज तक इंतजार कर रही हैं।

फातिमा को है ऐसी फिल्मों का इंतजार
फातिमा ने कुछ फिल्मों और डिजिटल शो में अभिनय किया है। उन्हें आखिरी बार नेटफ्लिक्स एंथोलॉजी अजीब दास्तान में देखा गया था। इस महीने की शुरुआत में स्पॉटबॉय के साथ बात करते हुए, उन्होंने आलिया भट्ट की गंगूबाई काठियावाड़ी और कंगना रनौत की क्वीन जैसी परियोजनाओं पर काम करने के लिए अपनी रुचि व्यक्त की। उन्होंने कहा था, 'मैं ऐसी फिल्में करती हूं जो मेरे रास्ते में आती हैं और अगर मुझे फिल्म के साथ जुड़ाव महसूस होता है। मेरी पसंद उस व्यक्ति पर भी प्रतिबिंबित करती है जो मैं हूं।'

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari