उत्तर प्रदेश की अमेठी विधानसभा सीट पर बीजेपी के डाॅ संजय सिंह को करारी हार का सामना करना पड़ा। संजय सिंह को सपा की महाराजी देवी ने 18 हजार से ज्यादा वोटोंं के अंतर से हराया।

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। उत्तर प्रदेश की जनता ने बीजेपी को पूर्ण बहुमत देकर सत्ता में तो ला दिया, मगर कुछ सीटों पर भाजपा के दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। ऐसे ही एक सीट है अमेठी की। कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली अमेठी में कांग्रेस उम्मीदवार तो नहीं जीता मगर अमेठी विधानसभा सीट पर सपा कैंडीडेट महाराजी देवी ने भाजपा प्रत्याशी डाॅ संजय सिंह को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। महाराजी देवी ने संजय सिंह को 18 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से मात दी।

कौन हैं महाराजी देवी
महाराजी देवी समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता गायत्री प्रजापति की पत्नी हैं। गायत्री प्रजापति समाजवादी पार्टी के इकलौते ऐसे नेता हैं, जिन्होंने कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले अमेठी विधानसभा सीट पर पहली बार सपा का खाता खोला था। उन्होंने 2012 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से जीत दर्ज की थी। इस जीत के बाद गायत्री अखिलेश यादव के करीबी माने जाने लगे। यही नहीं अखिलेश ने तब अपनी सरकार में गायत्री प्रजापति को कैबनिटे मंत्री बनाया था।

महाराजी देवी की बड़ी जीत
2022 विधानसभा चुनाव में महाराजी देवी ने बीजेपी के डाॅ संजय सिंह को बड़े अंतर से हराया। महाराजी देवी को 88217 वोट मिले वहीं संजय सिंह को 70121 वोट मिले थे। वोटिंग परसेंट की बात करें तो महाराजी देवी के खाते में 46.46 परसेंट वोट आए वहीं संजय सिंह का वोट प्रतिशत 36.93 का रहा। बता दें अमेठी में पांचवें चरण में 27 फरवरी को वोट डाले गए थे। यहां 54.2 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 2017 के विधानसभा चुनाव में 56.14 फीसदी वोटरों ने वोट डाले थे। यहां पर 3,33,944 मतदाता हैं।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari