मास्टर शेफ-थ्री के विनर रिपुदमन हाण्डा का मानना है प्यार बढ़ा सकता है खान बनाने का शौक

शहर के लोगों को मस्त-मौला बनाने में पकवान की भी अहम भूमिका

VARANASI : बनारस के स्वाद पर दुनिया फिदा है। जिस तरह के पकवान यहां खाने को मिलते हैं वहीं अन्य जगहों पर कम ही नजर आते हैं। और स्वाद तो ऐसा कि एक बार कोई चख ले तो ताउम्र न भूले। यह कहना है मास्टर शेफ इंडिया थ्री के विनर रिपुदमन हाण्डा का। बुधवार को नदेसर स्थित होटल में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बनारस के पकवानों की जमकर तारीफ की। बताया कि वह तो बनारसी स्वाद के दीवाने हो गए हैं। मास्टर शेफ में बनारस के साथी पार्टिसिपेंट्स ने उन्हें तरह-तरह के पकवान खिलाए। इन्हें खाने के बाद एहसास हुआ कि बनारसी क्यों इतने मस्त-मौला रहते हैं। उसके पीछे जरूर स्वादिष्ट भोजन भी वजह है।

प्यार बढ़ा देगा आप का शौक

खाना पकाना सिर्फ महिलाओं का काम नहीं है पुरुष भी इसे बखूबी करते हैं। इसका सबसे अच्छा उदाहरण मैं खुद को मानता हूं। अगर हर घर में जेंट्स सदस्य खाना बनाने का शौक पाल लें तो उस घर में प्यार ही प्यार होगा। जिस तरह से जेंट्स कई बार अपने काम से उकता जाते हैं ऐसा लेडीज के साथ भी होता है। तब जेंट्स उन्हें उनके पंसद का खाना बनाकर खिलाएं तो सोचो उसे कितना प्यार मिलेगा। मैं तो कहता हूं कि घरों में हफ्ते में एक दिन रसोई जेंट्स के हवाले होनी चाहिए।

कुकिंग भी है अच्छा कॅरियर

खाने-खिलाने में अपना देश दुनिया में सबसे ऊपर है। यहां हर क्षेत्र का अपना विशेष व्यंजन होता है। इनके पकाने का तरीका बिल्कुल अलग होता है। इसमें इस्तेमाल होने वाले मसाले अलग होते हैं। हमें इसका स्वाद चखना चाहिए। कुकिंग एक अच्छा कॅरियर बना रहा है। इसके दम पर मैं दुनिया घूम रहा हूं। ढेरों शेफ सेलिब्रिटी बन चुके हैं। इसे कॅरियर के रूप में चुनने वाले अच्छी-खासी कमाई कर रहे हैं। टीवी चैनल पर आने तमाम रिएलिटी शोज भी कुकिंग के रूप में कैरियर चुनने में अच्छे प्लेटफॉर्म के रूप में भूमिका निभा रहे हैं।

Posted By: Inextlive