देश के गृहमंत्री के बाद UP के एक अन्य मंत्री भी COVID-19 पाॅजिटिव, 52,972 केस के साथ भारत में संक्रमण के मामले 18 लाख पार
नई दिल्ली/लखनऊ/कानपुर (एएनआई/आईएएनएस)। पिछले 24 घंटों के दौरान देश में नोवल कोरोना वायरस से संक्रमण के 52,972 मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही भारत में जानलेवा वायरस से संक्रमित होने वालों का आंकड़ा बढ़कर 18 लाख के पार पहुंच गया है। एक दिन में कोविड-19 के संक्रमण से 771 मरीजों की मौत होने की रिपोर्ट है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देश में कोविड-19 से अब तक कुछ 18,03,696 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 5,79,357 एक्टिव केस हैं और 11,86,203 मरीज या तो घर पर ही स्वस्थ हो चुके हैं या अस्पताल से ठीक होकर डिस्चार्ज होकर घर और वतन को जा चुके हैं। कोविड-19 के संक्रमण से देश में अब तक 38,135 मरीजों की मौत हो चुकी है। 2 अगस्त तक देश में 2 करोड़ से ज्यादा लोगों की कोविड-19 की जांच हो चुकी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर दी जानकारी
रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद ट्वीट करके कोविड-19 पाॅजिटिव होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के लक्षण दिखने पर उन्होंने जांच करवाई तो रिपोर्ट पाॅजिटिव आई। डाॅक्टरों की सलाह पर वे अस्पताल में भर्ती होकर अपना इलाज करवा रहे हैं। फिलहाल वे स्वस्थ हैं।
कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूँ। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जाँच करवाएं।
— Amit Shah (@AmitShah)
उत्तर प्रदेश के एक अन्य मंत्री कोविड-19 पाॅजिटिव
यूपी के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह की कोविड- 19 जांच पाॅजिटिव आई है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और दो अन्य विधायक की जांच भी पाॅजिटिव आई है। महेंद्र सिह के अलावा 8 अन्य राज्य मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, देवेंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह, धर्म सिंह सैनी, चेतन चौहान, उपेंद्र तिवारी, रघुराज सिंह और जय प्रताप सिंह की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। इन सभी का इलाज चल रहा है। कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरूण की रविवार को कोविड-19 की वजह से मौत हो गई थी। उनकी रिपोर्ट पिछले महीने पाॅजिटिव आई थी। उनका संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में इलाज चल रहा था। दो अन्य मंत्रियों सतीष महाना और ब्रजेश पाठक का परिवार भी संक्रमित हो गया था।
कोरोना पाॅजिटिव UP अधिकारी ने की आत्महत्या
नोवल कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आने पर यूपी के एक ब्लाॅक एजुकेशन ऑफिसर (बीईओ) ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। वे 52 साल के थे। पुलिस के मुताबिक, बुखार और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर सुरेश चंद्र वर्मा के परिजन उन्हें 26 जुलाई को उर्सला हाॅर्समेन अस्पताल ले गए थे। अगले दिन उनकी कोरोना वायरस की जांच की गई। परिजनाें ने कहा कि 1 अगस्त को उनकी रिपोर्ट पाॅजिटिव आई। डाॅक्टरों ने उन्हें घर पर ही क्वाॅरंटीन होने की सलाह दी। कोतवाली के इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने कहा कि बीईओ रविवार को अपने कमरे में छत के पंखे से लटके पाए गए थे। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला और जांच जारी है।
राज्य/केंद्र शासित प्रदेश | एक्टिव केस | स्वस्थ | मौत |
अंडमान और निकोबार द्वीप | 484 | 242 | 8 |
आंध्र प्रदेश | 74404 | 82886 | 1474 |
अरुणाचल प्रदेश | 699 | 996 | 3 |
असम | 10415 | 32384 | 105 |
बिहार | 20306 | 36389 | 329 |
चंडीगढ़ | 400 | 698 | 19 |
छत्तीसगढ़ | 2482 | 6991 | 58 |
दादरा और नगर हवेली और दमन और दीयू | 416 | 766 | 2 |
दिल्ली | 10356 | 123317 | 4004 |
गोवा | 1809 | 4668 | 53 |
गुजरात | 14572 | 46504 | 2486 |
हरियाणा | 6396 | 29690 | 433 |
हिमाचल प्रदेश | 1130 | 1559 | 14 |
जम्मू और कश्मीर | 7893 | 13127 | 396 |
झारखंड | 7723 | 4682 | 118 |
कर्नाटक | 74598 | 57725 | 2496 |
केरल | 11366 | 14463 | 82 |
लद्दाख | 351 | 1108 | 7 |
मध्य प्रदेश | 9099 | 23550 | 886 |
महाराष्ट्र | 148843 | 276809 | 15576 |
मणिपुर | 1087 | 1737 | 7 |
मेघालय | 605 | 264 | 5 |
मिजोरम | 224 | 258 | 0 |
नागालैंड | 1282 | 648 | 5 |
ओड़िशा | 12761 | 21955 | 197 |
पुद्दुचेरी | 1445 | 2309 | 52 |
पंजाब | 5964 | 11466 | 423 |
राजस्थान | 12391 | 30710 | 703 |
सिक्किम | 368 | 289 | 1 |
तमिलनाडु | 56998 | 196483 | 4132 |
तेलंगाना | 18547 | 47590 | 540 |
त्रिपुरा | 1742 | 3605 | 27 |
उत्तराखंड | 3070 | 4437 | 86 |
उत्तर प्रदेश | 38023 | 53168 | 1730 |
पश्चिम बंगाल | 21108 | 52730 | 1678 |