- लिसाड़ी गेट के न्यू इस्लामनगर की घटना, पब्लिक ने चौकी में घुसकर महिला को पीटा

- भीड़ पर लाठीचार्ज, पहले भी 12 बच्चे चोरी कर चुकी है महिला

Meerut : लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र के न्यू-इस्लामनगर कालोनी से दो साल के बच्चे का अपहरण हो गया। परिजनों और कालोनी के लोगों ने काफी खोजबीन के बाद दोपहर को एक संदिग्ध महिला के पास से बच्चा बरामद कर लिया। महिला ने पूर्व में 12 बच्चे चोरी करके बेचने की बात कबूली है।

घर के बाहर खेल रहा था

न्यू-इस्लामनगर कालोनी निवासी नवाबुद्दीन का ठेकेदारी का काम है। उनका बेटा फरहान (2) शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घर के बाहर खेल रहा था। इस बीच फरहान गायब हो गया। परिजनों ने काफी तलाश किया, लेकिन बच्चा नहीं मिला। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि एक महिला जो कालोनी में भीख मांगने के लिए आई थी, उसके पास एक बच्चा देखा गया था। कालोनी के लोगों और बच्चे के परिजनों ने आसपास के मोहल्लों में तलाश शुरू की। दोपहर को बच्चा समर गार्डन कालोनी में एक मेडिकल स्टोर के पास महिला के पास से बरामद किया गया। महिला को पकड़कर लोगों ने पुलिस के हवाले किया।

पब्लिक ने चौकी में धुना

महिला की पहचान शबाना पत्‍‌नी आरिफ निवासी समर गार्डन कालोनी के रूप में हुई। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए तीन मोबाइल भी बरामद किए। बताया कि महिला भीख मांगने के बहाने घर में घुस आती थी और चोरी कर लेती थी। महिला को फतेहउल्लापुर चौकी पर लाया गया। आक्रोशित भीड़ चौकी में घुस आई और महिला को पीटते हुए बाहर घसीट लाई। बचाव में आई पुलिस के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए भीड़ को खदेड़ा। मामला बिगड़ता देखकर पुलिस ने महिला को लिसाड़ीगेट थाने भेज दिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह पूर्व में करीब 12 बच्चे चोरी कर बेच चुकी है।

Posted By: Inextlive