- पति के साथ मायके जा रही थी, नौ महीने की बच्ची थी मां की गोद में

- लॉयर्स कॉलोनी कट पर बस ने किया ओवरटेक

आगरा। एक्टिवा पर पति के साथ मायके जा रही महिला को रोडवेज बस ने चपेट में ले लिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां की गोद में जा रही नौ महीने की मासूम और पति बाल-बाल बचा। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। चालक बस छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मायके जा रही थी महिला

सिकंदरा, बजरंग नगर निवासी 27 वर्षीय अफसाना पुत्र शहजाद पति के साथ सोमवार को एक्टिवा पर ताजगंज में मायके जा रही थी। पति एक्टिवा चला रहे थे। नौ महीने की बेटी फेरी मां की गोद में थी। एक्टिवा जैसे ही खंदारी फ्लाई ओवर से नीचे आई वैसे ही मैनपुरी डिपो की बस पीछे से आ गई। बस ने एक्टिवा को ओवरटेक किया। बस की एक साइड एक्टिवा से टकरा गई। टक्कर लगते ही बच्ची गोद से छिटक कर दूर जा गिरी। शहजाद भी दूसरी तरफ गिर गए, लेकिन अफसाना बस के पहिए की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। मौके पर जाम लग गया। दुर्घटना को लेकर लोगों में गुस्सा था। चालक भीड़ देखकर बस छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने बस को कब्जे में लिया है। परिजनों के मुताबिक अफसाना की शादी को आठ साल हुए हैं। पति ताज पर गाइड हैं। इनके एक छह साल का बेटा फेरिस भी है।

Posted By: Inextlive