यूपी के मुरादाबाद में एक महिला ने अपनी साैतन पर गोली चलाकर उसकी हत्या कर दी। मृतका सात माह की गर्भवती थी। पुलिस ने घटना स्थल से ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना के बाद से पति गायब है।

मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक महिला ने सोमवार की रात यहां सिविल लाइंस इलाके में अपने घर के बाहर अपने पति की दूसरी पत्नी को गोलियों से छलनी कर दिया। घटना के बाद आरोपी महिला शबाना को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस रिपोर्टों के अनुसार, शबाना एक ट्रांसपोर्टर मोहम्मद जाकिर की पहली पत्नी है। जाकिर ने कुछ साल पहले आलिया से दूसरी शादी की थी और हत्या के समय वह सात महीने की गर्भवती थी। वहीं परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि दोनों महिलाओं के बीच अक्सर फोन पर बहस होती थी और जाकिर अपनी पत्नियों के बीच तनाव के बारे में जानता था।

घटना के बाद से पति गायब

वहीं इस घटना को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक ने कहा कि घटना के बाद से पति गायब है। उन्होंने कहा कि शबाना को घटना स्थल से गिरफ्तार कर लिया गया और अपराध में प्रयुक्त 9 एमएम की पिस्तौल भी जब्त कर ली गई थी। आलिया की भतीजी मुसकान ने कहा है कि वह दवाइयां खरीदकर लौट रही थीं तभी शबाना अचानक पीछे से आई और उसने आलिया को धक्का दिया जो नीचे गिर गई। इसके बाद उसने आलिया पर करीब चार राउंड फायर किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक शबाना ने बचने की कोई कोशिश नहीं की और घटनास्थल पर एक एकत्र हुई भीड़ में भी अपनी बंदूक के साथ आलिया के शरीर के पास खड़ी रही।

Posted By: Shweta Mishra