- सुभाषनगर के वीरू का कुआं मोहल्ले में एक महिला ने सालभर से घर में इकट्ठा कर रखा था कूड़ा

- घर से निकलती बदबू के कारण मोहल्ले के लोगों ने की शिकायत

- पति की मौत के बाद से अजीब बर्ताव करती है महिला

- घर में खाने की व्यवस्था न होने पर निगम ने खाने का किया प्रबंध

Meerut । एक तरफ जहां कोरोना के डर से शहर में जगह-जगह सेनेटाइजेशन और साफ सफाई का अभियान चल रहा है। वहीं शहर में कुछ ऐसे भी अजीब लोग हैं जो अपने ही घर में कूडे़ का ढेर लगाए बैठे हैं। इतना ही नही घर में कूड़े का ढेर होने के बाद भी घर में खाना बनाने से लेकर नहाना, सोना और सब काम आराम से कर रहे हैं। ऐसा ही एक अलग मामला मंगलवार केा सुभाष बाजार में देखने को मिला जहां पड़ोसियों के द्वारा तेज बदबू की शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम ने एक घर के अंदर खंगाला तो घर के हर कमरे में कूडे़ का ढेर लगा था। बदबू इस कदर की निगम की टीम के लिए अंदर रुकना मुश्किल हो गया था। जैसे- तैसे करके निगम की टीम ने घंटो मेहनत कर घर के अंदर से कूड़ा निकाला। इस दौरान मौके पर पहुंची महिला पुलिस कर्मी भी कूडे़ की बदबू से बेहोश हो गई।

बेडरूम से बरामदे तक कूड़ा

सुभाषनगर के वीरू का कुआं मोहल्ले के लोग कई दिनों से गली में तेज गंदी बदबू से परेशान थे। लगातार शिकायत मिलने के बाद मंगलवार सुबह निगम की टीम बदबू का कारण तलाशने पहुंची तो गली के एक घर के बाहर से तेज बदबू आती देख निगम ने घर को खुलवाया। निगम ने टीम ने मकान के अंदर जाकर देखा तो निगम के सफाई कर्मचारियों की आंखे खुली रह गई। हर कमरें में कूड़े का ढेर था और कूड़ा भी ऐसा जिसमें कीडे़ पड़ चुके थे। पूरा घर कूडे़ के ढेर में तब्दील हो गया था। जब निगम के सुपरवाइजर ने मकान मालिकन से कूड़े का कारण पूछा तो महिला निगम की टीम पर ही भड़कने लगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला अपने पति की मौत के बाद से अजीब तरीके का बर्ताव करती है वह अपनी बेटी के साथ रहती है। उसकी मोहल्ले में किसी के साथ बातचीत भाी नही है।

महिला सिपाही हुई बेहोश

मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने भी जब घर के अंदर जाकर घर का हाल देखना चाहा तो कूड़े की गंदी बदबू के कारण एक महिला सिपाही ही बेहोश हो गई। पुलिस ने भी महिला से पूछताछ कर जानने का प्रयास किया लेकिन महिला ने कोई सही जवाब नही दिया। बाद में पुलिस पूछताछ कर वापस चली गई और निगम के कर्मचारी सफाई में जुट गए।

चार घंटे में निकला दो ट्रॉली कूड़ा

महिला के घर का हाल इस कदर बुरा था कूड़ा घर के फर्श में जम चुका था। निगम की टीम को कूड़ा निकालकर घर साफ करने में चार घंटे से अधिक का समय लग गया। इस दौरान करीब दो ट्रॉली भरकर कूड़ा घर से निकाला गया। कूड़ा निकालने के बाद घर के अंदर सेनेटाइजेशन कराया गया। इस दौरान महिला के घर में खाने पीने की व्यवस्था ना होने के कारण निगम की टीम ने ही महिला के घर रोजाना खाना भेजने की व्यवस्था बनाई।

महिला दिमागी रूप से संतुलित नहीं थी। पूछताछ की गई है लेकिन उसने सही जवाब नहीं है। उसके घर में खाने पीने की समस्या थी। महिला के खाने का प्रबंध करा दिया गया है। घर की सफाई भी करा दी गई है।

देवेश शर्मा

थाना प्रभारी, कोतवाली

Posted By: Inextlive