शफियाबाद में महिला की गला रेतकर हत्या
- धान काटने गत रविवार को गई थी जंगल स्थित खेत
- रहस्यमय हालात में लापता हो गई थी महिला मेरठ। ग्राम शफियाबाद लोटी से गत रविवार से लापता महिला का शव मंगलवार को जंगल में गन्ने के खेत में पड़ा मिला। महिला की हत्या गला रेतकर की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। यह है मामला गांव शफियाबाद लोटी से दो दिन पूर्व लापता सायबा (28) पुत्री मुनकाद का शव मंगलवार को जंगल स्थित गन्ने के खेत से बरामद हुआ। सायबा की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। सूचना पर मुंडाली थाना प्रभारी अशोक कुमार और सीओ किठौर पंकज सिंह ने वारदात स्थल का मुआयना किया। इसी क्रम में शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। मायके में थी महिलामृतका के परिजनों ने बताया कि सायबा का निकाह करीब नौ वर्ष पूर्व बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बाढ़ली निवासी नदीम से हुआ था। पांच वर्ष पूर्व पति से विवाद हुआ, जिसका मुकदमा न्यायालय में लंबित है। दो बच्चों के साथ सायबा मायके में ही रह रही थी। गत रविवार सुबह वह अन्य महिलाओं के साथ धान काटने जंगल स्थित खेत पर गई थी,जहां से वह लापता हो गई।
चाचा ने दी तहरीर
मंगलवार सुबह सायबा का शव बरामद हुआ, जो कि दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। अंदेशा है कि रविवार को सायबा की हत्या कर दी गई थी। मृतका के चाचा अबरार उर्फ कलवा पुत्र खलील की तहरीर पर अज्ञात हत्या का मुकदमा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दावा किया कि हत्यारोपी जल्द गिरफ्त में होंगे।