घर से लेकर सड़क तक, कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं महिलाएं व युवतियां

जिले में लगातार बढ़ रही है महिला उत्पीड़न व छेड़खानी की घटनाएं

ajeet.singh@inext.co.in

ALLAHABAD: घर से लेकर सड़क तक बेटियों की सुरक्षा दांव पर है। कहीं चीरहरण हो रहा तो कहीं शोहदे फब्तियां कस रहे हैं। महिलाओं व युवतियों का राह चलना दुश्वार हो गया है। पुलिस विभाग के रिकार्ड पर गौर करें तो 2016 से अब तक इस तहर की वारदातें तेजी से बढ़ी हैं। महिलाओं से जुड़े अपराध के केस दिन-ब-दिन बढ़ रहे हैं। गांव हो या शहर, हर जगह यही स्थिति है। आंकड़े बताते हैं कि जिले में ऐसा कोई थाना नहीं, जिसमें छेड़खानी, महिलाओं से मारपीट व दहेज उत्पीड़न जैसे मामले न दर्ज हों। इनमें सबसे ज्यादा केस 'शीलभंग' के हैं। कमोवेश यही स्थित पूरे जोन की है। ऐसे हालात और माहौल में बेटियां कैसे 'पढ़ें व बढ़ें'? यह सरकार व समाज के सामने एक बड़ा सवाल है?

पुलिस की उपेक्षा बढ़ा रही मनोबल

महिलाओं व युवतियों पर तेजी से बढ़ रहे अत्याचार के केस पर पुलिस रोक नहीं लगा पा रही है। जानकारों की मानें तो शिकायत के बावजूद पुलिस ऐसे मामलों को गंभीरता से नहीं ले रही। सोसल मीडिया पर वायरल होने या अफसरों व नेताओं के दबाव में ही पुलिस ऐसे केस में एक्टिव होती है। शायद यही कारण है कि महिलाओं व युवतियों पर सितम ढाने वालों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।

केस-वन

कैंट एरिया के राजापुर की एक महिला ने मंजीत, मोनू व मनोज के खिलाफ शीलभंग यानी छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपितों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की। विरोध पर उसके कपड़े फाड़ दिए और धमकी देते हुए फरार हो गए। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

केस-टू

कोतवाली क्षेत्र के शहराबाग निवासी एक महिला ने मिथुन अग्रहरि समेत तीन अज्ञात के खिलाफ शीलभंग की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि आरोपितों द्वारा घर में घुसकर मारा पीटा गया। बचाव करने पहुंचे बेटे की भी पिटाई की। विरोध पर उसके साथ अभद्रता की। इस मामले में भी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

केस-थ्री

कीडगंज क्षेत्र के नई बस्ती निवासी एक नाबालिग छात्रा को स्कूल जाते समय पुलिस बूथ के पास कुछ युवक जबरन स्कूटी पर बैठाने लगे। छात्रा के शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने खलासी लाइन निवासी अकबर पुत्र मो। सुलेमान को दबोच लिया और जमकर पीटाई की। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ शीलभंग की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।

जनपदवार शीलभंग के दर्ज आंकड़े

जनपद 2016 2017 2018

इलाहाबाद 222 267 345

कौशाम्बी 147 145 134

फतेहपुर 139 137 154

प्रतापगढ़ 135 140 82

बांदा 100 90 110

हमीरपुर 177 103 164

महोबा 114 101 146

चित्रकुट 68 127 114

Posted By: Inextlive