महिला ने खुद को किया आग के हवाले, बुरी तरह से झुलसी

पति ने private bank से लिया था 30 हजार रुपए का लोन loan

ALLAHABAD: प्राइवेट बैंक के वसूली एजेंटों ने महिला की इज्जत सरेआम इस तरह उतारी कि उसे जीने से बेहतर मौत नजर आने लगी। महिला ने वसूली एजेंटों के सामने ही खुद पर मिट्टी का तेल छिड़का और आग लगा ली। यह देखकर आसपास रहने वाली महिलाएं सन्नाटे में आ गई। उन्होंने तत्काल महिला को बेली पहुंचाया जहां से हालत सीरियस होने पर उसे एसआनएन के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस को इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी एक अदद तहरीर का इंतजार है। तहरीर के अभाव में पुलिस ने घटना की जानकारी होने से ही इंकार कर दिया।

कर्नलगंज एरिया का मामला

कर्नलगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला सुरेश चन्द्र विक्रम चालक है। सुरेश ने कुछ दिनों पहले नैनी स्थित प्राइवेट बैंक की शाखा से करीब तीस हजार रुपए लोन पर लिया था। बैंक की किश्त उसे हर हफ्ते जमा करनी पड़ती थी। आर्थिक स्थिति खराब होने की वजह से वह लोन की किश्त जमा नहीं कर पाया था। इसे लेकर बैंक की वसूली टीम से सुरेश और पत्‍‌नी से कई विवाद हुआ। मगर उस समय बात आयी गयी हो गयी। बुधवार को फिर कर्ज की किश्त वसूल करने के लिए बैंक के वसूली एजेंट पहुंचे थे। उस वक्त सुरेश घर पर नहीं था। वसूली कर्मियों ने महिला से लोन की किश्त का पैसा मांगा और उसने तत्काल दे पाने में असमर्थता जता दी.आरोप है कि इस पर लोन वसूलने आए लोगों ने महिला से अभद्रता शुरू कर दी। किसी तरह महिला अपने बचाते हुए घर से बाहर की तरफ भागी। महिला की आवाज सुन पड़ोस के लोग एकत्र हो गए। पब्लिक जुटते देख वसूलीकर्मी भाग निकले।

खुद कर लिया आग के हवाले

वसूली दस्ते की हरकतों से आजिज महिला ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग के हवाले कर लिया। मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह से आग बुझाई और संगीता नामक इस महिला को बेली हास्पिटल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने पर पति भी हास्पिटल पहुंच गया। यहां के डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को एसआरएन के लिए रिफर कर दिया। उधर स्थानीय पुलिस का कहना है कि उसे ऐसी किसी भी घटना की सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर बैंक के वसूली कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

Posted By: Inextlive